नम आंखों से दी गई गौतम को अंतिम विदाई, अंतिम यात्रा में विधायक अरविंद सिंह व हरि प्रकाश वर्मा ने पिता को बंधाया ढांढ़स, उमड़ा जनसैलाब,
विधायक अरविंद सिंह व विधायक हरि प्रकाश वर्मा ने गौतम की अर्थी को दिया कांधा, परिवार को हर संभव मदद का दिया भरोसा
शाहजहांपुर/कांट। कांट क्षेत्र के कमलनयनपुर निवासी गौतम मौर्या की निर्मम हत्या के बाद रविवार को उनका अंतिम संस्कार गमगीन माहौल में किया गया। अंतिम यात्रा में हजारों लोगों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। हर आंख नम थी और पूरे क्षेत्र में शोक के साथ आक्रोश का माहौल दिखाई दिया। परिजनों का विलाप सुन मौजूद लोगों की आंखें भी भर आईं।अंतिम यात्रा में क्षेत्रीय विधायक अरविंद सिंह व जलालाबाद विधायक हरि प्रकाश वर्मा भी शामिल हुए। उन्होंने गौतम की अर्थी को कंधा देकर शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया। विधायक ने बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री से पूरे प्रकरण पर बातचीत की है। जल्द ही पीड़ित माता-पिता को मुख्यमंत्री से मिलवाने ले जायेंगे, ताकि उन्हें न्याय और हरसंभव सहायता मिल सके। उन्होंने कहा कि हत्या के आरोपियों के खिलाफ कानून के तहत कठोरतम कार्रवाई कराई जाएगी। दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर प्रयास किए जाएंगे। गौतम की अंतिम यात्रा में आसपास के गांवों और कस्बों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। अंतिम संस्कार स्थल पर शोक के साथ लोगों में घटना को लेकर आक्रोश भी साफ दिखाई दिया। लोगों ने आरोपियों को फास्ट ट्रैक कोर्ट के माध्यम से शीघ्र और कड़ी सजा दिलाने की मांग उठाई। अंतिम यात्रा में क्षेत्र के तमाम लोग मौजूद थे।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
आफ़वां खान उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जनपद के ब्यूरो प्रमुख हैं। इनकी पत्रकारिता के करीब हर बिन्दुओं पर गहरी पकड़ है।
