अकाने पर अमेरिकी प्रतिबंधों के खिलाफ जापान, आईसीसी का समर्थन जारी
अकाने और अब्दुलाये सेये पर अमेरिका की कार्रवाई
टोक्यो। जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची ने अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायालय (आईसीसी) की अध्यक्ष और जापानी नागरिक तोमोको अकाने पर अमेरिका द्वारा लगाए गए प्रतिबंधों को जापान के रुख के अनुरूप नहीं बताया है।
उन्होंने कहा कि जापान इस अमेरिकी कार्रवाई को बेहद गंभीरता से ले रहा है और वह लगातार आईसीसी का समर्थन करता रहा है।
प्रधानमंत्री ताकाइची ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि जापान, आईसीसी के प्रति अपनी प्रतिबद्धता पर कायम है। उन्होंने इससे पहले भी अमेरिकी प्रतिबंधों को “बेहद दुर्भाग्यपूर्ण” करार देते हुए कहा था कि जापान ने अंतिम समय तक अमेरिका को अकाने के खिलाफ कार्रवाई न करने के लिए मनाने का प्रयास किया था।
अमेरिका ने हाल ही में आईसीसी अध्यक्ष तोमोको अकाने और वरिष्ठ ट्रायल वकील अब्दुलाये सेये पर प्रतिबंध लगाए हैं। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने आरोप लगाया कि दोनों अधिकारी ऐसे देशों के अधिकारियों के खिलाफ आईसीसी की कार्रवाई में सीधे तौर पर शामिल रहे हैं, जिन्होंने अदालत के अधिकार क्षेत्र को स्वीकार नहीं किया है।
वॉशिंगटन का कहना है कि आईसीसी ने अमेरिका और अन्य गैर-सदस्य देशों के नागरिकों पर अधिकार क्षेत्र स्थापित करने की कोशिश कर अपनी सीमाएं लांघी हैं।
ट्रंप प्रशासन ने इसे अमेरिकी संप्रभुता के लिए खतरा बताया है और संकेत दिए हैं कि अदालत के खिलाफ आगे भी अतिरिक्त कदम उठाए जा सकते हैं।
वहीं, आईसीसी के प्रमुख वित्तीय समर्थकों में से एक जापान ने स्पष्ट किया है कि वह संस्थान की स्वतंत्रता और भूमिका का समर्थन करता रहेगा। प्रधानमंत्री ताकाइची ने कहा कि जापान आगे की परिस्थितियों पर नजर रखेगा और जरूरत पड़ने पर उचित कदम उठाएगा।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
माही खान एक उभरती हुई कंटेंट राइटर हैं और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़कर डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए समाचार अपडेट का कार्य कर रही हैं। वह खबरों की प्रस्तुति पर विशेष ध्यान देती हैं और मीडिया क्षेत्र में सीखते हुए अपने लेखन कौशल को लगातार विकसित कर रही हैं।
