बलोचिस्तान में पाकिस्तान की सेना पर बम से हमला, हेलीकॉप्टर पर गोले दागे
इस्लामाबाद। बलोचिस्तान की राजधानी क्वेटा में पिछले माह लिंक ट्रेन पर हुए आत्मघाती हमले के बाद पाकिस्तान के सुरक्षा बलों का संदिग्धों की तलाश में मंगलवार को शुरू किया गया अभियान अब भी जारी है। 17 विद्रोहियों के मारे जाने के बाद सशस्त्र समूहों ने भी हमले करने शुरू कर दिए हैं। कलात जिले में पाकिस्तान की सेना के बम निरोधक दस्ते के जवानों को निशाना बनाया गया। पंजगुर के चिडगी इलाके में इन समूह ने सैन्य हेलीकॉप्टर पर गोले दागे।
द बलोचिस्तान पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार कलात के मंगचर इलाके में सेना के बम निरोधक दस्ते के जवानों पर सड़क किनारे रखे एक देसी बम से विस्फोट किया गया। इस समय सेना मंगचर और आसपास के इलाकों में लगातार छापे मार रही है। स्थानीय लोगों के मुताबिक सैन्य हेलीकॉप्टरों से कल कई जगह भारी गोलाबारी की गई। सेना ने इस दौरान सशस्त्र विद्रोहियों के लड़ाकों, उनके बख्तरबंद वाहनों और ठिकानों पर हवाई हमला किया।
सशस्त्र समूहों ने पंजगुर जिले के चिडगी इलाके में सैन्य हेलीकॉप्टरों को भारी हथियारों से निशाना बनाया। तोपखाने का उपयोग किया गया। बताया गया है कि सुरक्षा बल शक के आधार पर बलोच युवकों को उनके घर से उठा रहे हैं। सेना पिछले कुछ दिनों से चिडगी और उसके आसपास के इलाकों में डेरा डाले हुए है।
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
