दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजनाओं के लिए शासन ने जारी की समय-सारिणी
निर्धारित समय में पूरी करें सभी औपचारिकताएं
- शिक्षण संस्थाओं में मास्टर डाटा तैयार करने और डिजिटलीकरण की प्रक्रिया 22 जुलाई से शुरू
मऊ। उत्तर प्रदेश शासन द्वारा शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए संचालित दशमोत्तर छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना के अंतर्गत अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, सामान्य वर्ग, अन्य पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक वर्ग के छात्र-छात्राओं हेतु आवेदन एवं सत्यापन की विस्तृत समय-सारिणी जारी कर दी गई है।
जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी अश्विनी कुमार ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार सभी शिक्षण संस्थानों, विश्वविद्यालयों एवं संबद्ध एजेंसियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर ऑनलाइन प्रक्रिया पूर्ण करनी होगी। शिक्षण संस्थाओं द्वारा मास्टर डाटा तैयार करने, सत्यापन एवं डिजिटलीकरण की कार्यवाही 22 जुलाई से 14 सितंबर, 2026 तक चरणबद्ध ढंग से संपन्न की जाएगी।
उन्होंने बताया कि नवीनीकरण (Renewal) के छात्र-छात्राएं 15 सितंबर से 15 अक्टूबर, 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। इसके उपरांत शिक्षण संस्थानों द्वारा बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण, उपस्थिति सत्यापन एवं ऑनलाइन सत्यापन की प्रक्रिया 15 सितंबर से 25 अक्टूबर, 2026 तक पूरी की जाएगी।
इसी प्रकार नवीन (Fresh) छात्र-छात्राओं के लिए ऑनलाइन पंजीकरण एवं आवेदन 15 सितंबर से 31 अक्टूबर, 2026 तक किए जाएंगे। आवेदन का अंतिम प्रिंट, आवश्यक अभिलेख शिक्षण संस्थान में जमा करने तथा संस्थान द्वारा ऑनलाइन सत्यापन एवं अग्रसारण की प्रक्रिया 16 सितंबर से 10 नवंबर, 2026 तक निर्धारित की गई है।
जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी ने जनपद के समस्त दशमोत्तर शिक्षण संस्थानों के प्राचार्यों एवं प्रधानाचार्यों से शासन द्वारा जारी समय-सारिणी का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने तथा सभी प्रक्रियात्मक कार्य निर्धारित समयावधि में पूर्ण कराने का अनुरोध किया है। साथ ही पात्र छात्र-छात्राओं से भी समय रहते ऑनलाइन आवेदन कर आवश्यक अभिलेख संबंधित शिक्षण संस्थानों में जमा करने की अपील की गई है, जिससे उन्हें छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना का लाभ समय पर प्राप्त हो सके।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
