मुख्यमंत्री ने दिया सिक्सलेन फ्लाईओवर सहित गोरखपुर को 995 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का उपहार
आस्थावान बनने का ठेका ले रहे आस्था पर प्रहार करने वाले : सीएम योगी
गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर की विकासपरक उपलब्धियों को नई ऊंचाई देने के लिए आयोजित जिले के पहले सिक्सलेन फ्लाईओवर सहित 995 करोड़ रुपये की परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास समारोह में आस्था, सुरक्षा और विकास के मुद्दे पर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस को आस्था पर प्रहार करने वाला दल करार दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सत्ता में रहने के दौरान आस्था पर प्रहार करने वाले आज सबसे बड़े आस्थावान बनने का ठेका ले रहे हैं।
गुरुवार को, टीपीनगर-पैडलेगंज मार्ग पर 2.6 किमी लंबे सिक्सलेन फ्लाईओवर सहित 813.52 करोड़ रुपये की चार परियोजनाओं का लोकार्पण और 181.77 करोड़ रुपये की 10 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास करने के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के लोगों के मुंह से आस्था के उपदेश हास्यास्पद लगते हैं। सपा ने अपने शासन में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर आंदोलन को बाधा पहुंचाई। उसने रामभक्तों पर गोली चलवाई। कांग्रेस ने भगवान श्रीराम के अस्तित्व और मंदिर आंदोलन के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में अपना अधिवक्ता खड़ा किया। ऐसे लोग आज किस मुंह से आस्था की बात कर रहे हैं।
सीएम योगी ने कहा कि कांग्रेस और सपा ने अपनी सरकारों में न केवल आस्था से खिलवाड़ किया बल्कि युवाओं को नौकरी और रोजगार से वंचित किया, अन्नदाता किसानों का हक छीना। इन दलों की सरकारों ने बहन-बेटियों और व्यपारियों की सुरक्षा पर संकट खड़ा किया। उन्होंने कहा कि 2017 के पहले यूपी में आए दिन दंगे होते थे, अराजकता चरम पर थी। होली, दुर्गापूजा, विजयदशमी, रामनवमी, कृष्णजन्माष्टमी जैसे पर्वों पर दंगे होते थे, कांवड़ यात्रा नहीं निकलने दी जाती थी। अब यही लोग आस्था पर बड़े-बड़े हास्यास्पद उपदेश दे रहे हैं।
*शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता कांग्रेस और सपा का किया अत्याचार*
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 2017 के पहले इंसेफेलाइटिस को लेकर सरकारी उदासीनता, सुरक्षा और निवेश के बदतर हालात को लेकर भी कांग्रेस और सपा पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि 2017 के पहले इंसेफेलाइटिस बीमारी पूर्वी उत्तर प्रदेश के लिए नियति बन चुकी थी। इसकी चपेट में आकर हजारों बच्चों की मौत हो गई पर तबकी सरकारों के कान पर जूं नहीं रेंगता था। सरकारें कान में रुई डालकर सोई रहती थीं, उन्हें जनता की पीड़ा महसूस करने की फुर्सत नहीं थी। उन्होंने कहा कि बच्चों, किशोरों और नौजवानों के जीवन के साथ कांग्रेस और सपा ने जितना शोषण और अत्याचार किया उसे शब्दों में नहीं व्यक्त किया जा सकता।
*नौकरियों पर होता था सैफई सिंडिकेट का कब्जा*
मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा सरकार ने नौजवानों को बेरोजगार करने का पाप किया था। सपा शासन में कभी नौकरी निकली भी तो उस पर उसी पार्टी के लोग युवाओं से छल करते थे। नौकरियों पर सैफई सिंडिकेट का कब्जा हो जाता था। सपा ने न सिर्फ नौकरियों पर डकैती डाली बल्कि उसने नौजवानों के अधिकार कम कर उन्हें ठगने का भी काम किया।
*बहुआयामी होता है पहचान का संकट*
सीएम योगी ने सपा शासन में प्रदेश के युवाओं के समक्ष पहचान का संकट होने का उल्लेख करते हुए कहा कि पहचान का संकट बहुआयामी होता है। इससे युवाओं की पढ़ाई, नौकरी, व्यापार, समृद्धि और भविष्य पर प्रश्न खड़े होते हैं। इन प्रश्नों का समाधान भाजपा की डबल इंजन सरकार ने निकाला है। डबल इंजन की सरकार, सुरक्षा के माहौल में विकास करने और बिना भेदभाव योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाने के लिए संकल्पित है
*माफिया और मच्छर के भय से कोई नहीं आना चाहता था गोरखपुर*
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज से 10 वर्ष पूर्व गोरखपुर में भय का माहौल था। तब गोरखपुर गुंडे, माफियाओं और मच्छर के लिए बदनाम था। माफिया और मच्छर के भय से कोई गोरखपुर नहीं आना चाहता था। 10 वर्ष पूर्व कोई भी निवेशक गीडा में निवेश करने को तैयार नहीं था। माफिया के भय से कोई प्रॉपर्टी नहीं खरीदता था। आज जब सुरक्षा का माहौल मिला तो बड़े पैमाने पर निवेश आया है। इससे अकेले गीडा में 50000 नौजवानों को नौकरी और रोजगार मिला है। आज हर व्यक्ति की पहली च्वाइस गोरखपुर में जमीन खरीदने और मकान बनवाने की होती है।
*चीनी मिलों को औने पौने दामों पर बेच दिया पूर्व की सरकारों ने*
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2007 से 2017 तक प्रदेश की 29 चीनी मिलों को तत्कालीन कांग्रेस और सपा सरकारों ने बंद कर दिया। इनमें से 21 चीनी मिलों को औने पौने दामों पर बेच दिया गया। पडरौना चीनी मिल को महज 2 करोड़ में बेचा गया जबकि उसका स्क्रेप इससे कई गुना अधिक था, जमीन की कीमत तो 200 करोड़ रुपये थी।
*9 वर्ष में दी 9 लाख नौजवानों को सरकारी नौकरी*
सीएम योगी ने कहा कि उनकी सरकार ने पिछले 9 वर्षों के दौरान बिना भेदभाव 9 लाख नौजवानों को सरकारी नौकरी दी है। अब नौकरियों में बिना भेदभाव चयन होता है और इसमें गोरखपुर के नौजवानों को भी पर्याप्त अवसर मिल रहा है। उन्होंने कहा कि एक जिला एक उत्पाद योजना से पारंपरिक उद्योगों को पुनर्जीवित किया गया। सवा तीन करोड़ युवाओं, कारीगरों ने अपने उद्यम प्रारंभ किए। 65 लाख नौजवानों को निजी निवेश के माध्यम से नौकरी और रोजगार प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 के पहले प्रदेश में यह संभव नहीं था।
*अच्छी सरकार से ही होता है अच्छा कार्य*
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब अच्छी सरकार आती है तो अच्छा कार्य होता है। जब अच्छे जनप्रतिनिधि चुने जाते हैं तो उसके सकारात्मक और प्रगतिशील परिणाम आते हैं। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार आने के बाद पूर्वी उत्तर प्रदेश से इंसेफेलाइटिस को समाप्त कर दिया गया है। हर जिले में मेडिकल कॉलेज बने हैं। गोरखपुर में एम्स भी बन गया है और बीआरडी मेडिकल कॉलेज भी चिकित्सा का बेहतरीन केंद्र बन चुका है। गोरखपुर में 1990 से बंद कारखाना फिर से चालू हो चुका है। इससे किसानों को समय से खाद उपलब्ध हो रही है। उन्होंने कहा कि किसानों को बीज और खाद समय पर उपलब्ध हो तो उत्पादन अच्छा होता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब किसान खुशहाल होंगे तो देश खुशहाल होगा। उन्होंने कहा कि हमारी सोच अच्छा करने की थी और हमने अच्छा करके दिखा दिया है। मुख्यमंत्री ने सरकार की विकास और विरासत के संरक्षण के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि गोरखपुर में मुक्तेश्वरनाथ मंदिर का पुनरोद्धार हो गया है, झारखंडी महादेव मंदिर के पुनरोद्धार के लिए भी प्रस्ताव मांगा गया है।
*पर्यटन और आजीविका का माध्यम बन है रामगढ़ताल*
सीएम योगी ने कहा कि गोरखपुर का रामगढ़ताल आज पर्यटन का सबसे बड़ा और बेहतरीन केंद्र बन गया है। जबकि 10 वर्ष पूर्व इसकी पहचान सुनसान स्थल, गंदगी और मच्छर के कारण थी। अपराधी हत्या करके यहां शव फेंक जाते थे। अब यह ताल पर्यटन का सबसे बड़ा केंद्र बन चुका है। देर रात तक हजारों परिवार यहां भ्रमण करके आनंद लेते हैं। उन्होंने कहा कि रामगढ़ताल के किनारे फिल्मों की शूटिंग हो रही है और हजारों लोगों को आजीविका भी मिल रही है। यह ताल पर्यटन और आजीविका का माध्यम बढ़कर गोरखपुर की एक उपलब्धि बन चुका है।
*सुगम आवागमन से तीव्र होगी प्रगति*
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि इंफ्रास्ट्रक्चर आवागमन को आसान बनाने का माध्यम है। आवागमन के माध्यम जितने तेज होंगे और आवागमन जितना सुगम होगा, उतनी ही तीव्र गति से प्रगति भी होगी। प्रगति से समृद्धि आप ही आएगी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत की संकल्पना के अभियान को भी आगे बढ़ाया जा सकेगा। उन्होंने गोरखपुर में सुदृढ़ हुई कनेक्टिविटी का उल्लेख करते हुए कहा कि पहले लखनऊ जाने में 7 से 8 घंटे लगते थे, अब यह दूरी साढ़े तीन घंटे में ही तय हो जाती है। इसी तरह वाराणसी जाने में 5 से 6 घंटे की बजाय महज ढाई घंटे लगते हैं। उन्होंने कहा कि आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर, रोड कनेक्टिविटी के साथ ही गोरखपुर की एयर कनेक्टिविटी भी बेहतरीन हुई है। गोरखपुर से 14 फ्लाइट्स चल रही है। इसके साथ ही रेलवे की कनेक्टिविटी भी बेहतरीन हुई है। अब यहां से वंदे भारत और अमृत भारत जैसी ट्रेन चल रही हैं, अच्छे स्टेशन बन रहे हैं।
*स्वच्छता पर ध्यान देने और पौधारोपण का किया आह्वान*
मुख्यमंत्री ने जनसभा में उपस्थित लोगों से बरसात के मौसम में विशेष तौर पर सफाई और स्वच्छता पर ध्यान देने के साथ ही खाली स्थान पर पौधरोपण करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कूड़ा सड़क पर न फेंकें और न ही नाली में डालें। नालों पर अतिक्रमण न करें। नालों पर यदि कब्जा होगा तो जलनिकासी बंद हो जाएगी तथा मच्छर और बीमारियों को पनपने का मौका मिलेगा। उन्होंने कहा कि शुद्ध पेयजल का इस्तेमाल करें। शुद्धता का ध्यान रखना इसलिए भी जरूरी है कि इससे हम विषाणुजनित बीमारियों से बच सकेंगे। हमें स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति जागरूक रहना होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी लोग खाली स्थान पर एक पेड़ मां के नाम जरूर लगाएं और जो भी पौधे लगाएं उनकी सुरक्षा भी करें। किसी को उखाड़ने मत दें। यह पेड़ हमें छाया, फल और ऑक्सीजन देते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमें जैव विविधता का भी संरक्षण करना होगा। इस लिहाज से गोरखपुर काफी समृद्ध है। यहां एक तरफ रामगढ़ताल है तो दूसरी तरफ चिलुआताल। यहां एक तरफ राप्ती नदी है तो दूसरी तरफ गोर्रा नदी। यहां जल ही जल है, इतना पर्याप्त जल संसाधन कहीं और नहीं है। हमें जल संसाधन का उचित उपयोग करना होगा। रेनवाटर हार्वेस्टिंग की प्रेरणा देते हुए सीएम ने कहा कि हमें वर्षा की एक-एक बूंद बचाने की आवश्यकता है। इसके लिए हम छोटे-छोटे प्लांट लगा सकते हैं। उन्होंने कहा कि अब नागरिकों को विश्व स्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर मिल रहा है, इसलिए अच्छे कार्य के संरक्षण की जिम्मेदारी भी समाज को उठानी पड़ेगी। उन्होंने लोगों को सार्वजनिक जमीनों पर अतिक्रमण से बचने की सलाह देते हुए कहा कि जब आवागमन तीव्र गति से होगा तो हम अर्थव्यवस्था को बढ़ाने में सफल होंगे। विकास से न केवल वर्तमान बल्कि भविष्य को भी बेहतर बना सकेंगे। साथ ही इसके जरिए हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विकसित भारत की संकल्पना को साकार करने में अपना योगदान दे सकेंगे।
*गोरखपुर का भविष्य अति उज्ज्वल कर दिया है सीएम योगी ने : रविकिशन*
लोकार्पण और शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए सांसद रविकिशन शुक्ल ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर का भविष्य अति उज्ज्वल कर दिया है। जिस गोरखपुर को टूटी सड़क और फूटी किस्मत के लिए जाना जाता था, उस गोरखपुर की धरती आज सीएम योगी के विजन से सिक्सलेन फ्लाईओवर देख रही है।
*सीएम योगी के हाथों गोरखपुर को मिल रही हर हफ्ते नई सौगात : डॉ. मंगलेश*
इस अवसर पर महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव ने कहा कि मुख्यमंत्री के हाथों हर हफ्ते गोरखपुर को नए-नए विकास कार्यों की सौगात मिलती है। जबकि योगी जी के मुख्यमंत्री बनने से पहले गोरखपुर उपेक्षा का शिकार बना रहता था। उन्होंने कहा कि सीएम योगी के नेतृत्व में गोरखपुर के विकास में नित नए आयाम जुड़ते जा रहे हैं।
*2027 में भी सीएम योगी के नेतृत्व में बनेगी भाजपा सरकार : विपिन सिंह*
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का स्वागत करते हुए गोरखपुर ग्रामीण के विधायक विपिन सिंह ने कहा कि सीएम योगी ने जबसे प्रदेश की सत्ता संभाली, तबसे कानून व्यवस्था लगातार मजबूत बनी और विकास कार्यों में अभूतपूर्व प्रगति हुई। उन्होंने कहा कि 2027 में भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार बननी तय है।
इस अवसर पर कुशीनगर के सांसद विजय दूबे, विधायक फतेह बहादुर सिंह, श्रीराम चौहान, राजेश त्रिपाठी, महेंद्रपाल सिंह, डॉ. विमलेश पासवान, प्रदीप शुक्ल, सरवन निषाद, भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं एमएलसी डॉ. धर्मेंद्र सिंह, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारू चौधरी, प्रदेश सरकार के सलाहकार अवनीश अवस्थी, भाजपा के जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी, महानगर अध्यक्ष रमेश प्रताप गुप्ता, पूर्व जिलाध्यक्ष युधिष्ठिर सिंह, पूर्व महानगर अध्यक्ष राजेश गुप्ता, कालीबाड़ी के महंत रविंद्रदास आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
*सीएम ने फीता काटकर किया सिक्सलेन फ्लाईओवर का लोकार्पण*
समारोह स्थल पर पहुंचने से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच फीता काटकर और शिलापट्ट का अनावरण कर गोरखपुर के पहले सिक्सलेन फ्लाईओवर का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने पैदल चलकर कुछ दूर तक फ्लाईओवर का भ्रमण और निरीक्षण किया। लोकार्पण के बाद वह संपूर्ण फ्लाईओवर की यात्रा करते हुए जनसभा स्थल तक पहुंचे।
*सीएम योगी में इन विकास कार्यों का किया लोकार्पण*
1-टीपीनगर-पैडलेगंज मार्ग पर सिक्सलेन फ्लाईओवर (देवरिया बाईपास तिराहा को भी फ्लाईओवर से जोड़ते हुए), लागत 429 करोड़ 49 लाख 39 हजार रुपये।
2-पैडलेगंज चौराहे से फिराक गोरखपुरी चौराहा तक मार्ग का फोरलेन में चौड़ीकरण, लागत 277 करोड़ 77 लाख 94 हजार रुपये।
3-एयरफोर्स स्टेशन परिसर स्थित एमईएस ऑफिस कॉम्प्लेक्स की शिफ्टिंग का कार्य, लागत 103 करोड़ 51 लाख 17 हजार रुपये।
4-थाना गुलरिहा के 48 क्षमता हॉस्टल/बैरक एवं विवेचना कक्ष का निर्माण, लागत 2 करोड़ 74 लाख 4 हजार रुपये।
*इन विकास परियोजनाओं का किया शिलान्यास*
1-महिला सशक्तिकरण के अंतर्गत मुख्यमंत्री श्रमजीवी महिला छात्रावास का निर्माण, लागत 47 करोड़ 38 लाख 47 हजार रुपये।
2-नंदानगर पुलिस चौकी से शमशेर गेट तक मार्ग में पड़ने वाले लेवल क्रॉसिंग हेतु अंडरपास एवं सर्विस रोड, लागत 73 करोड़ 64 लाख 49 हजार रुपये।
3-राज्य स्मार्ट सिटी योजना अंतर्गत विश्वविद्यालय चौक के समीप साइंस म्यूजियम का निर्माण, लागत 49 करोड़ 60 लाख 49 हजार रुपये।
4-टाटा टेक्नोलॉजी लिमिटेड के सहयोग से राजकीय महिला पॉलिटेक्निक में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का निर्माण, 7 करोड़ 6 लाख 75 हजार रुपये।
5-डिपो कार्यशाला राप्तीनगर स्थित टायर शॉप का उच्चीकरण, लागत 2 करोड़ 46 लाख 99 हजार रुपये।
6-वार्ड नं. 18 पवन विहार में सीसी रोड का निर्माण, लागत 49 लाख 72 हजार रुपये।
7-वार्ड नं. 25 गिरधरगंज में सीसी रोड का निर्माण, लागत 23 लाख 46 हजार रुपये।
8-वार्ड नं. 20 लच्छीपुर में सीसी रोड व नाली का निर्माण, लागत 48 लाख 99 हजार रुपये।
9-मोहल्ला नंदानगर दरगहिया में सीसी रोड व नाली का निर्माण, लागत 8 लाख 9 हजार रुपये।
10-वार्ड नं. 70 चंद्रशेखर आजाद नहर में सीसी रोड व नाली का निर्माण, लागत 29 लाख 56 हजार रुपये।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 33 वर्षों का अनुभव रखने वाले संजय श्रीवास्तव वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ के गोरखपुर ब्यूरो प्रमुख के रूप में कार्यरत हैं। क्षेत्रीय और प्रशासनिक मुद्दों पर ज़मीनी रिपोर्टिंग के साथ वह निरंतर समाचार कवरेज करते हैं।
