नीट पेपर लीक के विरोध में अधिवक्ताओं ने किया प्रदर्शन
लखनऊ। नीट परीक्षा पेपर लीक प्रकरण के विरोध में गुरुवार को मोहनलालगंज बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। महामंत्री राम लखन यादव, पूर्व अध्यक्ष श्रवण यादव एवं पूर्व अध्यक्ष केपी सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष एडवोकेट अनिल कुमार यादव, अनुपम यादव, रामसेवक धीमान, रमेश कुमार यादव, अलाउद्दीन, गौरव जायसवाल, के नेतृत्व में सैकड़ों अधिवक्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर तहसील परिसर में प्रदर्शन किया और परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग उठाई। इसके बाद अधिवक्ताओं ने तहसील परिसर से जुलूस निकालकर प्रयागराज-रायबरेली राजमार्ग होते हुए मौरावां तिराहे तक मार्च किया। इस दौरान "नीट पेपर लीक बंद करो", "युवाओं क भविष्य से खिलवाड़ बंद करो" और "दोषियों को कड़ी सजा दो" जैसे नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। प्रदर्शन के दौरान अधिवक्ताओं ने कहा कि नीट पेपर लीक जैसी घटनाओं ने लाखों छात्रों और उनके अभिभावकों का भरोसा तोड़ा है। प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रही अनियमितताओं से युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। मार्च के बाद अधिवक्ता पुनः तहसील परिसर पहुंचे, जहां समाजवादी पार्टी अधिवक्ता सभा के राष्ट्रीय सचिव श्रवण यादव के नेतृत्व में महामहिम राष्ट्रपति को संबोधित तहसीलदार को ज्ञापन दिया ।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
शुभम कश्यप को पत्रकारिता और मीडिया क्षेत्र में 10 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं। उनकी विशेषज्ञता चिकित्सा एवं स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़ी खबरों और अस्पताल आधारित रिपोर्टिंग में है, जहाँ वह विषयों को तथ्यपरक, सटीक और जिम्मेदार ढंग से प्रस्तुत करते हैं।
