बड़ी गिरावट के साथ शेयर बाजार बंद, निवेशकों को 4.63 लाख करोड़ की चपत
नई दिल्ली। कमजोर ग्लोबल संकेत और एशियाई बाजार में बिकवाली के जबरदस्त दबाव के कारण घरेलू शेयर बाजार आज बड़ी गिरावट के साथ बंद हुआ। निफ्टी की वीकली एक्सपायरी की वजह से भी शेयर बाजार में आज लगातार बिकवाली का दबाव बना रहा।
आज के कारोबार की शुरुआत भी कमजोरी के साथ हुई थी। हालांकि, बाजार खुलने के बाद खरीदारी के सपोर्ट से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों ने रिकवरी कर कुछ देर के लिए हरे निशान में अपनी जगह भी बनाई, लेकिन दोपहर 12 बजे के थोड़ी देर पहले ही बाजार में बिकवाली का जबरदस्त दबाव बन गया।
इस बिकवाली की वजह से दोनों सूचकांक दोबारा लाल निशान में गिर गए। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स और निफ्टी 1.16 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुए।
आज दिन भर के कारोबार के दौरान मेटल, आईटी और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स सेक्टर के शेयरों में जम कर बिकवाली होती रही। इसी तरह बैंकिंग, ऑटोमोबाइल, कैपिटल गुड्स, एफएमसीजी, ऑयल एंड गैस और पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज इंडेक्स भी गिरावट के साथ बंद हुए। दूसरी ओर, फार्मास्यूटिकल सेक्टर के शेयरों में आज खरीदारी होती रही।
फार्मास्यूटिकल सेक्टर में हुई खरीदारी की वजह से निफ्टी का फार्मा इंडेक्स 0.92 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुआ, जबकि बीएसई के हेल्थकेयर इंडेक्स ने 0.62 प्रतिशत की तेजी के साथ आज के कारोबार का अंत किया।
ब्रॉडर मार्केट में भी आज लगातार बिकवाली का दबाव बना रहा, जिसके कारण निफ्टी का मिडकैप इंडेक्स 1.05 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुआ। इसी तरह स्मॉलकैप इंडेक्स ने 0.48 प्रतिशत टूट कर आज के कारोबार का अंत किया।
आज शेयर बाजार में आई कमजोरी के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में साढ़े चार करोड़ रुपये से अधिक की कमी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद घट कर 475.09 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया।
जबकि पिछले कारोबारी दिन यानी सोमवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 479.72 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 4.63 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हो गया।
आज दिन भर के कारोबार में बीएसई में 4,447 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें 1,496 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 2,794 शेयरों में गिरावट का रुख रहा, वहीं 157 शेयर बिना किसी उतार चढ़ाव के बंद हुए।
एनएसई में आज 3,002 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 831 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 2,171 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए।
इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से चार शेयर बढ़त के साथ और 26 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से नौ शेयर हरे निशान में और 41 शेयर लाल निशान में बंद हुए।
बीएसई का सेंसेक्स आज 8.02 अंक की मामूली कमजोरी के साथ 77,086.05 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही खरीदारों ने लिवाली शुरू कर दी, जिसके कारण यह सूचकांक रिकवर कर 100.76 अंक की मजबूती के साथ 77,194.83 अंक तक पहुंच गया।
हालांकि दोपहर 11:30 बजे के बाद बाजार में बिकवाली का दबाव बन गया, जिसकी वजह से इस सूचकांक ने दोबारा लाल निशान में गोता लगा दिया।
लगातार हो रही बिकवाली के कारण यह सूचकांक आज का कारोबार खत्म होने के थोड़ी देर पहले दिन के ऊपरी स्तर से 1,112.32 अंक लुढ़क कर 1,011.56 अंक की कमजोरी के साथ 76,082.51 अंक के स्तर तक आ गया।
अंत में इंट्रा-डे सेटलमेंट की वजह से हुई खरीदारी के कारण सेंसेक्स दिन के निचले स्तर से 118.17 अंक सुधर कर 893.39 अंक की गिरावट के साथ 76,200.68 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 31.60 अंक फिसल कर 24,071.30 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलने के बाद खरीदारी के सपोर्ट से यह सूचकांक हरे निशान में 24,135.50 अंक तक पहुंचा।
हालांकि निफ्टी की यह तेजी अधिक देर तक नहीं टिकी। दोपहर 12 बजे के थोड़ी देर पहले बिकवाली शुरू हो जाने के कारण यह सूचकांक दोबारा लाल निशान में गिर गया।
बिकवाली के दबाव की वजह से आज का कारोबार खत्म होने का थोड़ी देर पहले यह सूचकांक दिन के ऊपरी स्तर से 350.55 अंक लुढ़क कर 317.95 अंक की कमजोरी के साथ 23,784.95 अंक के स्तर तक आ गया।
अंत में दिन के सौदों के निपटारे के कारण हुई खरीदारी की वजह से निफ्टी निचले स्तर से 39.15 अंक सुधर कर 278.80 अंक की गिरावट के साथ 23,824.10 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
पूरे दिन हुई खरीद बिक्री के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से सिप्ला 1.23 प्रतिशत, डॉ रेड्डीज लेबोरेट्रीज 0.82 प्रतिशत, पावर ग्रिड कॉरपोरेशन 0.76 प्रतिशत, एक्सिस बैंक 0.36 प्रतिशत और सन फार्मास्यूटिकल 0.27 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए।
दूसरी ओर, इंफोसिस 3.39 प्रतिशत, टीसीएस 3.21 प्रतिशत, अदानी एंटरप्राइजेज 3.16 प्रतिशत, विप्रो 3.16 प्रतिशत और जेएसडब्ल्यू स्टील 3.13 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
माही खान एक उभरती हुई कंटेंट राइटर हैं और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़कर डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए समाचार अपडेट का कार्य कर रही हैं। वह खबरों की प्रस्तुति पर विशेष ध्यान देती हैं और मीडिया क्षेत्र में सीखते हुए अपने लेखन कौशल को लगातार विकसित कर रही हैं।
