आंधी-बारिश की वजह से AC की बिक्री में भारी गिरावट
एसी की बिक्री में गिरावट: मौसम में आए बदलाव और महंगाई की वजह से एयर कंडीशनर (AC) की बिक्री अपेक्षा से कमजोर रही है। वहीं ठंडे पेय, आइसक्रीम, डेयरी उत्पाद और अन्य ताजगी देने वाले उत्पादों की मांग में जबरदस्त तेजी देखी जा रही है। उद्योग से जुड़े एक्सपर्ट्स का कहना है कि जून में कई हिस्सों में बेमौसम बारिश, आंधी और शाम के समय अपेक्षाकृत कम तापमान रहने से एसी की जरूरत कम महसूस हुई। इसके अलावा, बढ़ती कीमतों के कारण उपभोक्ता महंगे एसी खरीदने के बजाय एयर कूलर और पंखों जैसे सस्ते विकल्पों की ओर रुख कर रहे हैं। हालांकि, देश के कई हिस्सों में भीषणा गर्मी भी देखने को मिल रही है।
रेफ्रिजरेटर और वॉशिंग मशीन की मांग में तेजी
गोदरेज एंटरप्राइजेज के बिजनेस हेड और ईवीपी कमल नंदी ने कहा कि ठंडक देने वाले उत्पादों की श्रेणी में मांग का रुख मिला-जुला रहा। रेफ्रिजरेटर की मांग सामान्य और प्रीमियम दोनों वर्गों में मजबूती बनी हुई है, जबकि मानसून के आगमन के साथ वॉशिंग मशीन की मांग भी बढ़ रही है। हालांकि, उन्होंने कहा कि जून में पूरे देश, खासकर उत्तर भारत में एसी की बिक्री में भारी गिरावट आई है। उद्योग स्तर पर एसी की बिक्री घटी है। इसकी बड़ी वजह मौसम में बदलाव है।
ये खबर भी पढ़े : तेल की कीमतों में गिरावट: 2 मार्च के बाद पहली बार 76 डॉलर प्रति बैरल के करीब पहुंचा कच्चा तेलआंधी-बारिश की वजह से गिरी एसी की बिक्री
उन्होंने बताया कि देश के कई क्षेत्रों में आंधी-बारिश और रात के समय तापमान कम रहने से लोगों को एसी की जरूरत पहले जैसी नहीं रही। इसके अलावा महंगाई के चलते उपभोक्ता गैर-जरूरी खर्च टाल रहे हैं। नंदी ने बताया कि पिछले कुछ सालों में कई दौर की मूल्य वृद्धि के कारण एसी की कीमतें करीब 18 से 20 प्रतिशत तक बढ़ चुकी हैं। इसी वजह से कई उपभोक्ता एसी की जगह एयर कूलर और पंखों को प्राथमिकता दे रहे हैं।
उद्योग की उम्मीदों के अनुरूप नहीं रहा मौसम
एक प्रमुख एसी कंपनी के सीनियर अधिकारी ने कहा कि इस बार गर्मी का मौसम उद्योग की उम्मीदों के अनुरूप नहीं रहा, खासकर जून का महीना काफी कमजोर रहा। हालांकि, चालू वर्ष में अब तक उद्योग के कारोबार के मूल्य में लगभग 35 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है, जिसका मुख्य कारण प्रीमियम उत्पादों की बढ़ती हिस्सेदारी और ऊंची कीमतें हैं।
कोल्ड ड्रिंक्स की बिक्री में जबरदस्त बढ़ोतरी
वहीं दूसरी तरफ, पेय पदार्थ बनाने वाली कंपनियों ने गर्मियों के दौरान मजबूत मांग दर्ज की। कोका-कोला भारत और दक्षिण-पश्चिम एशिया के उपाध्यक्ष अभिषेक गुप्ता ने कहा कि कंपनी को पूरे गर्मी के मौसम में अच्छी मांग मिल रही है। छोटे पैक, क्विक कॉमर्स और चलते-फिरते उपभोग की बढ़ती प्रवृत्ति से बिक्री को मजबूती मिली है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
सुभाष पांडेय एक सीनियर और अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें मीडिया क्षेत्र में 32 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। अपने लंबे करियर के दौरान उन्होंने समाचार लेखन, संपादन और रिपोर्टिंग के विभिन्न आयामों में कार्य करते हुए पत्रकारिता को मजबूत दिशा दी है।
