36.8 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद, तीन गिरफ्तार
बिहार और सोहरामऊ थाना क्षेत्र में आबकारी विभाग की कार्रवाई, आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज
उन्नाव। अवैध शराब के निर्माण, बिक्री एवं परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत आबकारी विभाग ने दो थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए कुल 36.8 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की। टीम ने मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया है।
जिला आबकारी अधिकारी अनुराग मिश्रा के नेतृत्व में 14 अगस्त को आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-5 बीघापुर ने मय हमराह एवं स्थानीय पुलिस टीम के साथ थाना बिहार अंतर्गत ग्राम अकवारा में दबिश दी। यहां से 12 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद करते हुए एक आरोपी प्रेमा पत्नी मुन्नू निवासी अकवारा, थाना बिहार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
वहीं, 15 अगस्त को आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-2 हसनगंज ज्योति अग्रवाल तथा आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-5 बीघापुर प्रतिभा सिंह ने संयुक्त टीम के साथ हसनगंज थाना क्षेत्र के ग्राम सोहरामऊ में कार्रवाई की। यहां से 14 पव्वा अवैध देशी शराब बरामद की गई। इसके अलावा थाना बिहार क्षेत्र के ग्राम केदारखेड़ा में दबिश देकर 22 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई।
कार्रवाई के दौरान प्रदीप कश्यप पुत्र लल्लू निवासी गुरिया, सोहरामऊ तथा मुन्नी पत्नी स्वर्गीय राज किशोर निवासी केदारखेड़ा, थाना बिहार को गिरफ्तार किया गया। दोनों के खिलाफ संबंधित थानों में आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है।
आबकारी विभाग ने कहा कि अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में छह वर्षों का अनुभव रखने वाले मनीष तिवारी वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ के उन्नाव ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं। उन्नाव में आधारित रहते हुए वह क्षेत्रीय मुद्दों पर ज़मीनी रिपोर्टिंग और सटीक कवरेज करते हैं।
