नेशनल हाईवे पर दर्दनाक सड़क हादसा, आवारा पशु से टकराकर ऑटो पलटा; एक की मौत, पांच घायल
संवाददाता/ साहिल गुप्ता
तिलहर/शाहजहांपुर। तिलहर कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। नेशनल हाईवे पर नगरिया मोड़ चौकी के पास अचानक आवारा पशु सामने आ जाने से तेज रफ्तार ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के समय ऑटो में छह लोग सवार थे।
हादसे में ग्राम फिरोजपुर निवासी विश्राम पुत्र मोती (60 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सवाना, मलका, राम खिलौना, आदित्य और रिहान गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और ऑटो में फंसे लोगों को बाहर निकाला। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। कोतवाली प्रभारी जुगल किशोर पाल ने बताया कि शब को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और मामले की जांच की जा रही है।
लेखक के बारे में
आफ़वां खान उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जनपद के ब्यूरो प्रमुख हैं। इनकी पत्रकारिता के करीब हर बिन्दुओं पर गहरी पकड़ है।
