भारतीय बाजार में तीन नई इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिलों की एंट्री, शुरुआती कीमत 1.23 लाख रुपये
अवोर ने भारत में लॉन्च की EX1, EX2 और EX2S इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल
- इच्छुक ग्राहक टोकन अमाउंट देकर इन बाइक्स की कर सकते प्री-बुकिंग
गुजरात की इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर स्टार्टअप अवोर (Avore) ने भारतीय बाजार में अपनी पहली इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल सीरीज पेश कर दी है। कंपनी ने एक साथ EX1, EX2 और EX2S मॉडल लॉन्च किए हैं। इनकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 1.23 लाख रुपये रखी गई है। इच्छुक ग्राहक 799 रुपये का टोकन अमाउंट देकर इन बाइक्स की प्री-बुकिंग करा सकते हैं।
तीनों मोटरसाइकिलों का डिजाइन लगभग एक जैसा है, लेकिन बैटरी क्षमता, ड्राइविंग रेंज, टॉप स्पीड और फीचर्स के मामले में इनमें अंतर रखा गया है। सबसे प्रीमियम EX2S मॉडल एक बार फुल चार्ज होने पर 260 किलोमीटर तक की IDC-प्रमाणित रेंज देता है और इसकी अधिकतम रफ्तार 114 किमी प्रति घंटा है। वहीं EX2 की रेंज 255 किलोमीटर और एंट्री-लेवल EX1 की रेंज 160 किलोमीटर बताई गई है।
इन इलेक्ट्रिक बाइक्स में 5kWh बैटरी,7 इंच का टचस्क्रीन डिस्प्ले, फास्ट चार्जिंग और एडवांस कनेक्टेड फीचर्स दिए गए हैं। कंपनी का दावा है कि बैटरी को 20 से 80 प्रतिशत तक चार्ज होने में करीब दो घंटे, जबकि पूरी तरह चार्ज होने में लगभग चार घंटे का समय लगता है। इन्हें सामान्य घरेलू बिजली के सॉकेट से भी चार्ज किया जा सकता है।
अवोर ने बताया कि यह मोटरसाइकिल उसकी स्वदेशी AVORE Source Technology और AVR इलेक्ट्रिक व्हीकल प्लेटफॉर्म पर विकसित की गई है। कंपनी ने बैटरी मैनेजमेंट सिस्टम, मोटर, कंट्रोलर और अन्य प्रमुख तकनीकों से जुड़े 120 से अधिक पेटेंट आवेदन भी दाखिल किए हैं।
नई इलेक्ट्रिक बाइक में इंटीग्रेटेड मोटर-स्विंगआर्म पावरट्रेन, 1,500W ऑनबोर्ड फास्ट चार्जर, मैनुअल और ऑटोमैटिक राइडिंग मोड, कंपनी का अपना ऑपरेटिंग सिस्टम और AI आधारित राइडर असिस्टेंट जैसे आधुनिक फीचर्स भी शामिल किए गए हैं।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
