दीघा जा रही बस और कंटेनर में आमने-सामने की टक्कर, चालकों की हालत गंभीर
पूर्व मेदिनीपुर। पूर्व मेदिनीपुर के कृष्णनगर में दीघा-नंदकुमार 116बी राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार सुबह दीघा जा रही एक यात्री बस और विपरीत दिशा से आ रहे कंटेनर में आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में दोनों गाड़ियों के चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें गंभीर हालत में हेरिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार बस में सवार कम से कम 15 पर्यटक भी घायल हुए हैं। उनका भी हेरिया अस्पताल में इलाज चल रहा है। हादसे के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ देर के लिए भीषण जाम लग गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। सूचना मिलने पर हेरिया की पुलिस आनन-फानन में मौके पर पहुंची। स्थानीय निवासियों ने बताया कि कंटेनर तेज गति से चल रहा था। उसने नियंत्रण खो दिया और विपरीत दिशा से आ रही बस को टक्कर मार दी। टक्कर में दोनों वाहनों के आगे के हिस्से चकनाचूर हो गए।
टिप्पणियां