गंगा स्नान के दौरान महिला संदिग्ध परिस्थितियों में हुई लापता
दो युवकों पर अपहरण का आरोप
- महिला के लापता होने से परिवार में मचा हड़कंप
हरिद्वार। गाजियाबाद से परिवार के साथ हरिद्वार गंगा स्नान के लिए आई एक महिला हरकी पैड़ी क्षेत्र से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। महिला के पति ने दो अज्ञात लोगों पर उसे बहला-फुसलाकर या जबरन अपने साथ ले जाने का आरोप लगाते हुए नगर कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। महिला के लापता होने से परिवार में हड़कंप मचा हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, गाजियाबाद निवासी व्यक्ति 27 अगस्त को अपनी पत्नी, भाई, भाभी और भतीजे के साथ हरिद्वार गंगा स्नान के लिए आए थे। सुबह परिवार के सदस्य हरकी पैड़ी क्षेत्र स्थित महिला घाट पर स्नान कर रहे थे। इसी दौरान महिला अचानक परिवार से बिछड़ गई। परिजनों ने घाट और आसपास के क्षेत्रों में काफी तलाश की, लेकिन महिला का कोई पता नहीं चल सका।
काफी खोजबीन के बाद भी महिला के नहीं मिलने पर गाजियाबाद में रहने वाले अन्य परिजनों को घटना की जानकारी दी गई। इसके बाद पुलिस से संपर्क किया गया। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की।
परिजनों के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज में दो संदिग्ध व्यक्ति महिला का हाथ पकड़कर उसे महिला घाट की सीढ़ियों से ले जाते दिखाई दिए। इसके बाद महिला को एक स्कूटी पर बीच में बैठाकर वहां से ले जाने की बात भी सामने आई है। फुटेज सामने आने के बाद महिला के पति ने दोनों अज्ञात लोगों पर पत्नी को अपने साथ ले जाने व अपहरण करने की आशंका जताई है।
महिला के पति ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी मानसिक रूप से कमजोर है और उसे सही-गलत की पूरी तरह समझ नहीं है। ऐसे में वह किसी अनजान व्यक्ति के बहकावे में आसानी से आ सकती है। पति ने दोनों अज्ञात महिला को बहला-फुसलाकर या जबरन अपने साथ ले जाने की आशंका जताई है ।
सीसीटीवी फुटेज से संदिग्धों की पहचान में जुटी पुलिस
नगर कोतवाली पुलिस ने शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब हरकी पैड़ी और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है। साथ ही महिला की तलाश के लिए संभावित स्थानों पर भी पुलिस टीमों को लगाया गया है।
नगर कोतवाली प्रभारी इंस्पेक्टर कुंदन सिंह राणा ने बताया कि शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं और संभावित स्थानों पर महिला की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि महिला को जल्द सकुशल बरामद करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
