कालीशिला यात्रा में गुजरात से आए श्रद्धालु को आया हार्ट अटैक, इलाज के दौरान मौत
सूचना मिलते ही पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची
- देहरादून के मैक्स अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने श्रद्धालु को मृत घोषित किया
रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले के कालीशिला क्षेत्र में हृदयाघात (हार्ट अटैक) से गुजरात के एक श्रद्धालु मौत हो गई। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने शनिवार को बताया कि गुजरात निवासी पर्वत भाई (44) शुक्रवार को कालीशिला क्षेत्र में हृदयाघात के कारण अचेत हो गए थे। सूचना मिलते ही जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र ने डीडीआरएफ, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीमों को मौके पर भेजा।
उन्होंने बताया कि डीडीआरएफ की टीम ने स्थानीय लोगों के सहयोग से राहत एवं बचाव अभियान चलाया और हेलीकॉप्टर की सुरक्षित लैंडिंग के लिए उपयुक्त स्थान तैयार कराया। लगातार बदलते मौसम और दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद जिला प्रशासन और यूकाडा के समन्वित प्रयासों से हेलीकॉप्टर कालीशिला पहुंचा और श्रद्धालु को देहरादून स्थित मैक्स अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
ये खबर भी पढ़े : उत्तराखंड: श्रद्धालुओं की सोमनाथ स्वाभिमान पर्व यात्रा संपन्न, हर्रावाला पहुंचा यात्रियों का दलhttps://twitter.com/DIPR_UK/status/2080684703343165482?s=20
उन्होंने बताया कि राहत एवं बचाव अभियान में त्वरित एवं समन्वित कार्रवाई की गई, लेकिन श्रद्धालु का जीवन नहीं बचाया जा सका। उधर, बागेश्वर जिले के कपकोट क्षेत्र में सरयू नदी में बह गए आठ वर्षीय बालक का शव चार दिन बाद शुक्रवार को बरामद कर लिया गया।
जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार, 20 जुलाई को शिवालय मंदिर के समीप सरयू नदी में कपकोट निवासी आठ वर्षीय राजेश सिंह पुत्र नारायण सिंह के बह जाने की सूचना पर खोज एवं बचाव अभियान शुरू किया गया था। लगातार तलाश के बाद 24 जुलाई को अर्सों-उत्तरौड़ा क्षेत्र के पास नदी से शव बरामद किया गया।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
