सहारा सिटी में संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की मौत, सिर में चोट लगने के बाद अस्पताल में तोड़ा दम
लखनऊ। राजधानी के गोमतीनगर क्षेत्र स्थित सहारा सिटी परिसर में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। युवक के सिर में गंभीर चोट लगने के बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और युवक के साथ मौजूद लोगों से पूछताछ कर रही है।
पुलिस के अनुसार गोमतीनगर निवासी विनोद कुमार, सीमा देवी और आशीष कुमार राणा ने थाना गोमतीनगर में एक प्रार्थना पत्र देकर घटना की जानकारी दी। प्रार्थना पत्र में बताया गया कि आशीष कुमार राणा का भाई सन्नी राणा 4 जून की सुबह करीब 3 बजे अपने साथियों बृजेश, ध्रुव और शोहेल के साथ सहारा सिटी परिसर के अंदर गया था।
ये खबर भी पढ़े : 105 रन की आंधी में उड़ी कॉकरोच इलेवन,शाने मछरेहटा ने जीती सिंगाही नाइट क्रिकेट ट्रॉफीइसी दौरान किसी कारणवश सन्नी राणा के सिर में गंभीर चोट लग गई। घटना के बाद उसके साथी उसे तत्काल उपचार के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान (लोहिया अस्पताल) लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने युवक का इलाज शुरू किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
फिलहाल पुलिस मृतक के साथ मौजूद उसके दोस्तों से पूछताछ कर रही है और यह जानने का प्रयास कर रही है कि युवक के सिर में चोट कैसे लगी। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।घटना के बाद परिजनों में शोक का माहौल है, जबकि पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
