धर्मकांटे पर युवक से मारपीट, चार अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज
लाठी-डंडों से मारपीट की तथा जान से मारने की दी धमकी
अरुण अग्रवाल, बहराइच संवाददाता
फखरपुर बहराइच। थाना फखरपुर क्षेत्र के गजाधरपुर स्थित धर्मकांटे पर शनिवार देर रात चार अज्ञात नकाबपोशों द्वारा युवक के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने चार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
एफआईआर के मुताबिक, 22 अगस्त की रात करीब 1:40 बजे ग्राम अरईकला निवासी वेद प्रकाश पाठक अपने साथी प्रिंस मिश्रा के साथ धर्मकांटे पर मौजूद थे। आरोप है कि चार अज्ञात लोग मुंह पर कपड़ा बांधकर पहुंचे और प्रिंस मिश्रा के कमरे में घुसकर मारपीट करने लगे। विरोध करने पर उन्होंने वेद प्रकाश के साथ भी लाठी-डंडों से मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
घटना की सूचना पुलिस को 112 नंबर पर दी गई। मौके से कुछ दूरी पर 12 बोर के कारतूस का खोखा मिलने की बात भी एफआईआर में दर्ज है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1), 115(2), 351(3) व 352 के तहत मुकदमा पंजीकृत किया है। थाना अध्यक्ष फखरपुर रामकुमार राजभर ने बताया कि मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। मामले की विवेचना प्रचलित है और जांच के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
