सीईआईआर पोर्टल की तकनीकी सहायता से 376 गुम मोबाइल फोन बरामद
पुलिस अधीक्षक ने वास्तविक स्वामियों को किए सुपुर्द
लगभग ₹67.68 लाख मूल्य के 376 मोबाइल फोन बरामद कर लौटाई 376 परिवारों की मुस्कान
प्रतापगढ़। पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ दीपक भूकर के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) आलोक कुमार के पर्यवेक्षण में जनपद प्रतापगढ़ पुलिस द्वारा गुम एवं चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी हेतु लगातार प्रभावी अभियान संचालित किया जा रहा है। आधुनिक तकनीक एवं CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल का प्रभावी उपयोग करते हुए जनपद के समस्त थानों की साइबर टीमों एवं सर्विलांस सेल द्वारा उल्लेखनीय सफलता अर्जित की गई।
इसी क्रम में सर्विलांस सेल एवं जनपदीय पुलिस टीमों द्वारा विभिन्न स्थानों से कुल 376 गुम मोबाइल फोन बरामद किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग ₹67,68,000/- (सड़सठ लाख अड़सठ हजार रुपये) है।
बुधवार को पुलिस लाइन प्रतापगढ़ स्थित साईं कॉम्प्लेक्स में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ दीपक भूकर एवं अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) आलोक कुमार द्वारा बरामद मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द किए गए।
अपने गुम हुए मोबाइल फोन पुनः प्राप्त कर लाभार्थियों के चेहरों पर खुशी लौट आई। सभी लाभार्थियों ने प्रतापगढ़ पुलिस की त्वरित, तकनीकी एवं प्रभावी कार्यप्रणाली की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए पुलिस अधीक्षक, अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) एवं पूरी पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।
पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ दीपक भूकर ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि यदि किसी व्यक्ति का मोबाइल फोन गुम अथवा चोरी हो जाए तो वह तत्काल संबंधित थाना अथवा CEIR पोर्टल (www.ceir.gov.in) पर शिकायत दर्ज कराएं, जिससे पुलिस समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए मोबाइल फोन की शीघ्र बरामदगी सुनिश्चित कर सके।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
ब्रजेश त्रिपाठी को पत्रकारिता क्षेत्र में 35 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। अपने लंबे करियर के दौरान उन्होंने समाचार लेखन और संपादन के विभिन्न दायित्वों का निर्वहन किया है। वर्तमान में वह ‘तरुणमित्र’ में उप्र के प्रतापगढ़ जनपद के व्यूरो प्रमुख के पद पर कार्यरत हैं।
