कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में मिशन शक्ति कार्यक्रम आयोजित
बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ के तहत जागरूकता
जिलाधिकारी के निर्देशन एवं जिला प्रोबेशन अधिकारी के कुशल नेतृत्व में महिला कल्याण विभाग, जनपद मऊ द्वारा कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, मोहम्मदाबाद गोहना में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ एवं मिशन शक्ति योजना के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय की छात्राओं एवं स्टाफ ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस दौरान छात्राओं ने महिला सुरक्षा, शिक्षा, आत्मनिर्भरता तथा अपने अनुभवों पर खुलकर चर्चा की। विभागीय टीम ने बालिकाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज की महिलाएं शिक्षा, खेल, विज्ञान, प्रशासन सहित प्रत्येक क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर रही हैं।
साथ ही वे परिवार एवं समाज के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। महिलाओं को शक्ति का स्वरूप बताते हुए उनके सशक्त होने से परिवार एवं समाज के सशक्त होने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को महिला सुरक्षा एवं आपातकालीन सहायता से संबंधित हेल्पलाइन नंबर 112, 181, 108, 1090, 1098 एवं 1076 की विस्तृत जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि किसी भी प्रकार की समस्या, उत्पीड़न या संकट की स्थिति में इन हेल्पलाइन सेवाओं का 24×7 निःसंकोच उपयोग कर सहायता प्राप्त की जा सकती है।
जेंडर स्पेशलिस्ट श्रीमती राखी राय ने छात्राओं को किशोरावस्था के दौरान होने वाले शारीरिक एवं मानसिक परिवर्तनों, उनके प्रभावों तथा स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सावधानियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं उनके लाभों से भी छात्राओं को अवगत कराया गया।
इस अवसर पर महिला कल्याण विभाग की जिला मिशन कोऑर्डिनेटर श्रीमती अर्चना राय, जेंडर स्पेशलिस्ट श्रीमती राखी राय, जेंडर स्पेशलिस्ट श्रीमती तृप्ति, विद्यालय के समस्त स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्राएं एक उपस्थित रहीं।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
आनन्द कुमार मिश्र मऊ जनपद के जाने - माने पत्रकार हैं। आनन्द कुमार को पत्रकारिता का 10 सालों का अनुभव है, यह कई मीडिया संस्थानों अपनी सेवा दे चुके हैं। वर्तमान में तरुणमित्र के मऊ जनपद के ब्यूरो प्रमुख के रुप में कार्यरत हैं।
