अंबेडकरनगर में बढ़ रहा घाघरा नदी का जलस्तर, टांडा-आलापुर में प्रशासन अलर्ट
संवेदनशील और तटवर्ती इलाकों में निगरानी तेज
राहत-बचाव के लिए विभागों को तैयार रहने के निर्देश
अम्बेडकरनगर । घाघरा नदी के जलस्तर में बढ़ती प्रवृत्ति को दृष्टिगत रखते हुए जनपद प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने बताया कि घाघरा नदी के जलस्तर के बढ़ते प्रवृत्ति के दृष्टिगत तहसील टांडा एवं तहसील आलापुर में प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां सुनिश्चित की गई हैं। संबंधित अधिकारियों को नदी के जलस्तर, तटवर्ती एवं संवेदनशील क्षेत्रों पर निरंतर निगरानी रखते हुए आवश्यकता पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने बताया कि नदी के जलस्तर के स्थिति को देखते हुए राजस्व, पुलिस, स्वास्थ्य, पशुपालन, पंचायतीराज सहित संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ पूरी तत्परता से कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रभावित लोगों को आवश्यकता पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने तथा राहत एवं बचाव कार्यों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं तैयार रखी गई हैं।
जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने जनसामान्य से अपील की है कि घाघरा नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए सभी लोग विशेष सतर्कता बरतें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन करें। तटवर्ती एवं निचले क्षेत्रों में रहने वाले परिवार जलस्तर बढ़ने की स्थिति के दृष्टिगत सतर्कता बरतें। नदी, नालों, घाटों, पुलों तथा जलभराव वाले स्थानों के पास न जाएं और बच्चों को ऐसे स्थानों पर जाने से रोकें। बच्चों, बुजुर्गों एवं महिलाओं की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें। तेज बहाव वाले पानी को पार करने का प्रयास न करें तथा पशुओं को भी नदी अथवा जलभराव वाले क्षेत्रों के आसपास न ले जाएं।
जिलाधिकारी ने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह, भ्रामक सूचना अथवा सोशल मीडिया पर प्रसारित अपुष्ट संदेशों पर विश्वास न करें। जलस्तर, राहत एवं बचाव कार्य से संबंधित जानकारी के लिए केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करें। किसी व्यक्ति के फंसे होने, जलभराव बढ़ने अथवा किसी अन्य आपात स्थिति की सूचना तत्काल जिला आपदा कंट्रोल रूम को दें। प्रशासन द्वारा समयबद्ध एवं प्रभावी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
बाढ़ आपदा से संबंधित किसी भी सूचना अथवा सहायता के लिए जिला आपदा कंट्रोल रूम से संपर्क करें। बाढ़ आपदा कंट्रोल रूम: 05271-244550 , 05271-244250
टोल फ्री नंबर: 1077
जिलाधिकारी ने बताया कि प्रशासन की टीमें लगातार संवेदनशील क्षेत्रों पर नजर रख रही हैं और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित किया जाएगा।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
