बरोठा रपटा पर तेज बहाव के बावजूद सुरक्षा के इंतजाम नहीं, ग्रामीणों ने प्रशासन पर लगाया लापरवाही का आरोप
बाढ़ के पानी से घिरा बरोठा, ग्रामीणों की बढ़ी मुश्किलें
शहनूर अली
निघासन-खीरी। तहसील निघासन क्षेत्र के बरोठा गांव में बाढ़ का पानी खेतों से होता हुआ गांव के चारों तरफ पहुंच गया है। कई घरों में पानी भर जाने से ग्रामीणों का जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। घरों में पानी घुसने के कारण लोगों के सामने खाना बनाने से लेकर बच्चों की देखरेख तक की मुश्किलें खड़ी हो गई हैं। ग्रामीणों का कहना है कि लगातार बढ़ रहे पानी के बावजूद प्रशासन की ओर से अब तक बाढ़ प्रभावित परिवारों को एक भी लंच पैकेट वितरित नहीं किया गया है।
हैरान करने वाली बात यह कि लगातार खबरें चलने के बावजूद भी बरोठा रपटा के ऊपर से तेज बहाव के साथ पानी गुजर रहा है। इसके बावजूद मौके पर लोगों की सुरक्षा के लिए प्रशासन की ओर से न तो रस्सा लगाया गया है और न ही आवागमन को सुरक्षित बनाने के लिए कोई अन्य ठोस व्यवस्था की गई है। तेज बहाव के बीच ग्रामीणों को मजबूरी में इसी रास्ते से आवागमन करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि क्या जिम्मेदार अधिकारी पिछले वर्ष की तरह किसी हादसे का इंतजार कर रहे हैं। ग्रामीणों के मुताबिक गत वर्ष आई बाढ़ के दौरान इसी रपटा पर पानी के तेज बहाव में गांव का एक युवक पैर फिसलने से गंभीर रूप से घायल हो गया था। हालत गंभीर होने पर उसे इलाज के लिए लखनऊ ले जाना पड़ा था। ग्रामीणों ने आपसी सहयोग और चंदा जुटाकर उसके इलाज में मदद की थी।
ग्रामीणों का आरोप है कि इस वर्ष भी रपटा पर तेज बहाव चल रहा है, लेकिन अभी तक सुरक्षा के लिए एक रस्सा तक नहीं लगाया गया है। इतना ही नहीं, मौके पर न तो लेखपाल पहुंचे और न ही राजस्व विभाग की टीम ने स्थिति का जायजा लिया है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि पानी के तेज बहाव के बीच किसी व्यक्ति का पैर फिसल गया तो बड़ी दुर्घटना हो सकती है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल मौके पर राजस्व टीम भेजकर स्थिति का निरीक्षण कराने, रपटा पर सुरक्षा के लिए रस्सा लगाने, आवागमन की व्यवस्था सुरक्षित करने और बाढ़ प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत सामग्री व भोजन के पैकेट उपलब्ध कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन को किसी अनहोनी का इंतजार करने के बजाय समय रहते सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने चाहिए।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पिछले एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय विजय पाल खबरों की तेज़ समझ और ज़मीनी पकड़ के लिए जाने जाते हैं। रिपोर्टिंग और समाचार लेखन के क्षेत्र में उन्होंने निरंतर काम किया है। वर्तमान में वह ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं।
