काकोरी पुलिस के हत्थे चढ़ा शातिर लुटेरा, लूटी गई बाइक बरामद
दो लूट की वारदातों में वांछित 21 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार, रंग-बनावट बदलकर छिपाई गई बाइक भी बरामद
लखनऊ। काकोरी थाना पुलिस ने दो लूट की वारदातों में वांछित एक शातिर लुटेरे को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लूटी गई मोटरसाइकिल बरामद की है। आरोपी ने बाइक की पहचान छिपाने के लिए उसका रंग और बनावट भी बदल दी थी।
पुलिस के अनुसार, 19 मार्च 2026 को काकोरी क्षेत्र में दो अलग-अलग लूट की घटनाएं हुई थीं। पहली घटना में रहीमाबाद निवासी सुमित तिवारी से मारपीट कर उनकी मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन लूट लिया गया था। दूसरी घटना में मनोज से मारपीट कर उनकी स्प्लेंडर प्लस बाइक, पैन कार्ड और तीन हजार रुपये लूट लिए गए थे। दोनों मामलों में काकोरी थाने में मुकदमे दर्ज किए गए थे।
जांच के दौरान पुलिस ने पहले ही तीन आरोपियों—अजय राजपूत, दीपांशु उर्फ लक्की राजपूत और आयुष रावत—को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। मामले में फरार चल रहे आरोपी की तलाश जारी थी।
30 जुलाई 2026 को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मोहम्मदपुर बेलवारन, संडीला क्षेत्र से रंजीत कन्नौजिया (21) निवासी पठानगढ़ी, कस्बा काकोरी को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर राम प्रसाद बिस्मिल स्कूल के पास खाली प्लॉट से लूटी गई मोटरसाइकिल बरामद की गई, जिसका रंग और बनावट बदल दी गई थी।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया। अन्य आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
