प्राकृतिक खेती से महिला सशक्तिकरण तक, झाबुआ दौरे पर CM करेंगे कई बड़ी घोषणाएं
29 विकास कार्यों का भूमि-पूजन और 28 परियोजनाओं का लोकार्पण
भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज शुक्रवार को झाबुआ जिले के थांदला में शासकीय महाविद्यालय ग्राउंड में आयोजित प्रदेश स्तरीय "स्व-सहायता समूहों का क्षमतावर्धन एवं ऋण वितरण" कार्यक्रम में प्रदेश के स्व-सहायता समूहों के सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए 300 करोड़ रुपये के ऋण का वितरण करेंगे।
जिला प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव प्राकृतिक खेती करने वाले उन्नत किसानों से संवाद भी करेंगे, साथ ही 174.64 करोड़ रुपये के 29 विकास कार्यों का भूमि-पूजन और 109.17 करोड़ रुपये के 28 विकास एवं आधारभूत संरचना कार्यों का लोकार्पण करेंगे।
इसके अलावा विभिन्न विभागों की योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ वितरण करेंगे और मेधावी विद्यार्थियों को भी सम्मानित करेंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव कार्यक्रम में प्राकृतिक खेती करने वाले उन्नत कृषकों से संवाद के दौरान उनके अनुभव जानेंगे तथा प्राकृतिक एवं जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए शासन द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं प्रयासों पर चर्चा भी करेंगे।
साथ ही जिले के राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के 215 स्व-सहायता समूहों को 10.8 करोड़ का ऋण वितरण करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव "आजीविका मेला'' प्रदर्शनी का अवलोकन भी करेंगे।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
माही खान एक उभरती हुई कंटेंट राइटर हैं और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़कर डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए समाचार अपडेट का कार्य कर रही हैं। वह खबरों की प्रस्तुति पर विशेष ध्यान देती हैं और मीडिया क्षेत्र में सीखते हुए अपने लेखन कौशल को लगातार विकसित कर रही हैं।
