भोपाल में आज से सेना भर्ती रैली शुरू, 15 जिलों के युवाओं को मिलेगा मौका
15 जिलों के पुरुष उम्मीदवारों को भर्ती में शामिल होने का अवसर
भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के नाथू बरखेड़ा स्थित अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आज (28 जुलाई) से सेना भर्ती रैली शुरू हो रही है।
इसमें भोपाल समेत 15 जिलों के पुरुष उम्मीदवार शामिल हो सकेंगे। सेना भर्ती कार्यालय के भर्ती निदेशक कर्नल जयशंकर सिंह ने जानकारी दी गई कि सेना भर्ती रैली 8 अगस्त तक चलेगी।
इसमें अग्निवीर जनरल ड्यूटी, तकनीकी एवं ट्रेड्समैन रैली के साथ एमपी और छत्तीसगढ़ के सभी जिलों के लिए धर्मगुरु और एजुकेशन हवलदार की रैली भी होगी। जिला प्रशासन ने भर्ती रैली की व्यापक स्तर पर तैयारी की है।
इन जिलों के लिए होगी भर्ती
प्रदेश के 15 जिले अशोकनगर, भोपाल, बैतूल, छिंदवाडा, दमोह, गुना, हरदा, नर्मदापुरम, नरसिंहपुर, पन्ना, पांढुर्णा, रायसेन, राजगढ़, सीहोर और विदिशा के पुरुष उम्मीदवारों के लिए यह भर्ती रहेगी। अग्निवीर जनरल ड्यूटी, अग्निवीर तकनीकी एवं अग्निवीर ट्रेड्समैन रैली का आयोजन होगा।
सेना भर्ती कार्यालय द्वारा 1 से 12 जून तक ऑनलाइन सामान्य प्रवेश परीक्षा (सीईई) का आयोजन किया गया था। सामान्य प्रवेश परीक्षा (सीईई) का परिणाम 12 जुलाई को जॉइन इंडियन आर्मी की आधिकारिक वेबसाइट (www.joinindianarmy.nic.i) पर अपलोड कर दिया गया है।
ऑनलाइन परीक्षा में उर्तीण उम्मीदवार शारीरिक दक्षता सहित अन्य भर्ती प्रक्रियाओं में भाग ले सकेंगे। रैली में भाग लेने वाले योग्य अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र उनकी ई-मेल पर भेजा गया है।
रैली भर्ती में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र पर अंकित तिथि एवं समय के अनुसार भर्ती रैली स्थान पर प्रवेश दिया जाएगा।
भर्ती में हिस्सा लेने के लिए प्रवेश पत्र व सभी दस्तावेज रैली अधिसूचना के अनुसार साथ लाने होंगे। आधार कार्ड से लिंक मोबाइल नंबर और इंटरनेट कनेक्शन के साथ स्मार्ट मोबाइल फोन भी लेकर आना अनिवार्य है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
माही खान एक उभरती हुई कंटेंट राइटर हैं और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़कर डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए समाचार अपडेट का कार्य कर रही हैं। वह खबरों की प्रस्तुति पर विशेष ध्यान देती हैं और मीडिया क्षेत्र में सीखते हुए अपने लेखन कौशल को लगातार विकसित कर रही हैं।
