72 ताबूतों के जुलूस और 'आग का मातम' को लेकर लखनऊ में ट्रैफिक डायवर्जन, कई मार्ग रहेंगे बंद
लखनऊ। इस्लामी माह सफर की 10वीं तारीख के अवसर पर शनिवार 25/26 जुलाई को चौक थाना क्षेत्र में आयोजित होने वाले 72 ताबूतों के जुलूस और 'आग का मातम' कार्यक्रम को लेकर लखनऊ ट्रैफिक पुलिस ने विस्तृत ट्रैफिक डायवर्जन योजना जारी की है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए दोपहर 3:00 बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक (आवश्यकतानुसार) कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
पुलिस के अनुसार, शाम 5:00 बजे बड़ा इमामबाड़ा परिसर में 72 ताबूतों का जुलूस निकाला जाएगा। इसके बाद रात 8:00 बजे दरिया वाली मस्जिद क्षेत्र में 'आग का मातम' आयोजित किया जाएगा। इन धार्मिक आयोजनों में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना को देखते हुए यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है।
इन मार्गों पर रहेगा डायवर्जन
डालीगंज चौराहा और शाहमीना तिराहा से किसी भी प्रकार के वाहन जिन्नातों वाली मस्जिद, बड़ा इमामबाड़ा और रूमी गेट की ओर नहीं जा सकेंगे। इन वाहनों को मेडिकल कॉलेज चौराहा, चौक चौराहा और कौनेश्वर चौराहा होकर भेजा जाएगा। रूमी गेट पुलिस चौकी चौराहा से बड़ा इमामबाड़ा और जिन्नातों वाली मस्जिद की ओर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। यहां से वाहन कुड़ियाघाट गेट, नया पक्का पुल और खदरा तिराहा होकर अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।
खदरा तिराहा से पक्का पुल चौराहा की ओर वाहनों का आवागमन बंद रहेगा। इन वाहनों को नया पक्का पुल, रूमी गेट पुलिस चौकी और चौक चौराहा के रास्ते भेजा जाएगा।
डालीगंज रेलवे क्रॉसिंग की ओर से आने वाली रोडवेज और सिटी बसें खदरा और पक्का पुल की ओर नहीं जाएंगी। इन्हें चौराहा नंबर-8 और आईटी चौराहा से डायवर्ट किया जाएगा।
कौनेश्वर महादेव मंदिर तिराहा से बड़े वाहनों को घंटाघर की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी। ऐसे वाहन चौक चौराहा होकर अपने गंतव्य तक जाएंगे।
सिंचाई विभाग यू-टर्न से कोई भी वाहन टीले वाली मस्जिद और जिन्नातों वाली मस्जिद की ओर नहीं जा सकेगा। इन्हें यू-टर्न लेकर कुड़ियाघाट के रास्ते भेजा जाएगा।
आपातकालीन सेवाओं को रहेगी अनुमति
ट्रैफिक पुलिस ने स्पष्ट किया है कि डायवर्जन के दौरान भी एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड, शव वाहन और स्कूली वाहनों को चिकित्सकीय अथवा अन्य आवश्यक परिस्थितियों में स्थानीय पुलिस और ट्रैफिक पुलिस की अनुमति से प्रतिबंधित मार्गों से गुजरने की अनुमति दी जाएगी।किसी भी प्रकार की यातायात संबंधी सहायता या जानकारी के लिए नागरिक ट्रैफिक कंट्रोल रूम नंबर 9454405155 पर संपर्क कर सकते हैं।पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रैफिक डायवर्जन की जानकारी अवश्य लें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग कर प्रशासन का सहयोग करें, ताकि धार्मिक आयोजन शांतिपूर्ण और सुचारु रूप से संपन्न हो सकें।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
