लखीमपुर-खीरी,12 अगस्त(तरुणमित्र)। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर के तहत स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, लखीमपुर खीरी में बुधवार को भव्य प्रभात फेरी का आयोजन किया गया। प्राचार्या प्रो. डॉ. वाणी गुप्ता के निर्देशन में आयोजित इस यात्रा में डॉक्टरों व छात्र-छात्राओं ने तिरंगा थामकर राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश दिया।
प्राचार्या प्रो. डॉ. वाणी गुप्ता ने बताया कि 15 अगस्त को मनाए जाने वाले 79वें स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में बुधवार (12 अगस्त 2026) को प्रातः 08:45 बजे स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, लखीमपुर खीरी के परिसर में एक भव्य प्रभात फेरी का आयोजन किया गया।
महाविद्यालय की प्रधानाचार्या प्रो. डॉ. वाणी गुप्ता के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में आयोजित इस प्रभात फेरी में महाविद्यालय के समस्त संकाय सदस्यों (Faculty Members), सीनियर रेजिडेंट्स, जूनियर रेजिडेंट्स तथा एमबीबीएस (MBBS) प्रथम एवं द्वितीय बैच के समस्त विद्यार्थियों ने पूर्ण उत्साह और देशभक्ति की भावना के साथ भाग लिया।
यह प्रभात फेरी महाविद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर परिसर के विभिन्न मार्गों से होते हुए संपन्न हुई। इसमें शामिल प्रतिभागियों ने हाथों में तिरंगा थामकर राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत नारे लगाए, देशभक्ति के गीत गाए तथा राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश दिया।
इस अवसर पर उपस्थित सभी शिक्षकों,डॉक्टरों एवं विद्यार्थियों में देश की आजादी के महत्व तथा स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान के प्रति गहरा सम्मान देखने को मिला। पूरा कार्यक्रम अत्यंत अनुशासित एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न हुआ,जिसमें सभी प्रतिभागियों ने ससमय व सक्रिय सहभागिता निभाई।