दीक्षांत परेड से पहले “बड़ा खाना” में झलका पुलिस-जनसेवा का जज़्बा
उच्चाधिकारियों ने रिक्रूट आरक्षियों के साथ बैठकर किया भोजन, 11 माह के कठिन प्रशिक्षण की सराहना

कौशाम्बी। जिले में बुधवार की शाम रिजर्व पुलिस लाइन के परेड ग्राउंड में दीक्षांत परेड से पूर्व रिक्रूट आरक्षियों के साथ परंपरागत “बड़ा खाना” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस महानिरीक्षक प्रयागराज परिक्षेत्र अजय कुमार मिश्र, जिलाधिकारी अमित पाल तथा पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण सहित अन्य पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।इस अवसर पर वरिष्ठ अधिकारियों ने रिक्रूट आरक्षियों से संवाद कर उनके लगभग 11 माह के कठिन, अनुशासित एवं समर्पित प्रशिक्षण की सराहना की। अधिकारियों ने जवानों को भविष्य में अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और अनुशासन के साथ करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही अपने अनुभव साझा करते हुए पुलिस सेवा के मूल्यों, कर्तव्यपरायणता और जनसेवा की भावना को सर्वोपरि रखने का संदेश दिया।कार्यक्रम की विशेष बात यह रही कि अधिकारियों ने स्वयं रिक्रूट आरक्षियों को भोजन परोसा। इस आत्मीय पहल से जवानों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। सभी अधिकारी और रिक्रूट आरक्षी एक साथ बैठकर भोजन करते नजर आए, जिससे आपसी समन्वय, सौहार्द और टीम भावना को और मजबूती मिली।गौरतलब है कि कठोर प्रशिक्षण पूर्ण करने के बाद ये रिक्रूट आरक्षी जल्द ही आयोजित होने वाली पासिंग आउट परेड में शामिल होंगे। इसके बाद वे उत्तर प्रदेश पुलिस बल का हिस्सा बनकर जनसेवा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पिछले छह वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय रोहित तिवारी कौशांबी में आधारित हैं और क्षेत्रीय मुद्दों की कवरेज में लगातार कार्य कर रहे हैं। वर्तमान में वह ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं।
