महिला की झुमकी लूटने वाला शातिर गिरफ्तार, लूटा माल व स्कूटी बरामद
महिला राजाजीपुरम से पैदल गेस्ट हाउस जा रही थी
सत्यापुरम कॉलोनी के पास नायरा पेट्रोल पंप के निकट पहुंचीं, तभी पीछे से स्कूटी सवार बदमाश ने उनके कान से सोने की झुमकी झपट ली
लखनऊ। राजधानी लखनऊ के ठाकुरगंज थाना क्षेत्र में महिला से झपट्टा मारकर सोने की झुमकी लूटने की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पश्चिमी जोन की सर्विलांस टीम और ठाकुरगंज पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में घटना को अंजाम देने वाले शातिर अपराधी बब्लू उर्फ कलीम को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से लूटी गई सोने की झुमकी और वारदात में प्रयुक्त एक्टिवा स्कूटी भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 29 जुलाई 2026 को कमता कॉन्वेंट स्कूल, आलमनगर राजाजीपुरम निवासी मीरा वर्मा पैदल गेस्ट हाउस जा रही थीं। जब वह कैम्पवेल रोड स्थित सत्यापुरम कॉलोनी के पास नायरा पेट्रोल पंप के निकट पहुंचीं, तभी पीछे से स्कूटी सवार बदमाश ने उनके कान से सोने की झुमकी झपट ली। अचानक हुए हमले में उनके कान में गंभीर चोट भी आई। पीड़िता की तहरीर पर ठाकुरगंज थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
घटना के खुलासे के लिए ठाकुरगंज पुलिस ने सर्विलांस टीम के साथ मिलकर सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिरों से सूचना जुटाई। इसी क्रम में सोमवार को भूहर पुल के नीचे रेलवे ट्रैक के पास से आरोपी बब्लू उर्फ कलीम (46 वर्ष) निवासी बरावनकलां, थाना दुबग्गा को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ और तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से पीली धातु की लूटी गई झुमकी तथा घटना में प्रयुक्त यूपी-32-डीएफ-8254 नंबर की महरून रंग की एक्टिवा स्कूटी बरामद की। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी शातिर किस्म का अपराधी है। उसके खिलाफ लखनऊ के विभिन्न थानों में लूट, झपटमारी, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं के आठ से अधिक आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं।
इस कार्रवाई को ठाकुरगंज पुलिस और पश्चिमी जोन की सर्विलांस टीम ने संयुक्त रूप से अंजाम दिया। पुलिस का कहना है कि राजधानी में झपटमारी और लूट की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए ऐसे अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
