फर्जी चेक से 2.5 लाख की ठगी करने वाला आरोपी प्रयागराज से गिरफ्तार
आरोपी चलाता है सैलून की दुकान
लखनऊ। राजधानी की हजरतगंज पुलिस ने फर्जी चेक के माध्यम से महिला के बैंक खाते से ₹2.50 लाख की धोखाधड़ी करने के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को प्रयागराज से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी गैर-जमानती वारंट (एनबीडब्ल्यू) के आधार पर की गई। उसे न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, खदरा निवासी निदा खान ने 27 जनवरी 2025 को हजरतगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 14 नवंबर 2024 को उनके बैंक खाते से फर्जी चेक के जरिए ₹2.50 लाख निकाल लिए गए। हैरानी की बात यह थी कि जिस चेक से रकम निकाली गई, वह उनकी चेकबुक में सुरक्षित मौजूद था। बैंक से जानकारी करने पर पता चला कि यह रकम सुप्रीमो ट्रेडर्स के खाते में स्थानांतरित की गई, जिसका खाताधारक चांदबाबू था।
मामले में हजरतगंज थाने में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान फर्जी चेक को विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) भेजा गया। जांच रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि चेक पर किए गए हस्ताक्षर पीड़िता के नहीं थे और चेक पर खाता संख्या समेत अन्य विवरणों में छेड़छाड़ तथा इरेजर के निशान पाए गए।
जांच में आरोपी चांदबाबू पुत्र रईस अहमद, निवासी मनौरी, थाना पूरामुफ्ती, जनपद प्रयागराज का नाम सामने आया। पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी, लेकिन वह फरार चल रहा था। इसके बाद न्यायालय से उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी हुआ।
वारंट के अनुपालन में हजरतगंज पुलिस ने प्रयागराज में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह सैलून की दुकान चलाता है। उसके अनुसार, अविनाश नामक व्यक्ति के कहने पर उसने चिप्स के कारोबार के नाम पर बैंक खाता खुलवाया था, जिसमें यह रकम आई थी।
पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य आरोपियों और पूरे नेटवर्क की भूमिका की भी जांच की जा रही है। यदि किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके विरुद्ध भी विधिक कार्रवाई की जाएगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
