बाइक सवार लुटेरों का आतंक, महिला का मंगलसूत्र छीनकर हुए रफूचक्कर
पारा थाना इलाके का मामला
- ससुराल से घर लौटते समय हुआ हादसा
लखनऊ। रविवार पारा क्षेत्र में दोपहर हरदोईया लाल नगर के पास पल्सर सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने एक इको कार को रोककर उसमें सवार महिला के गले से सोने की चेन, बाली और मंगलसूत्र लूट लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। गादिन खेड़ा शिवरी निवासी शेरा यादव ने बताया कि रविवार दोपहर करीब तीन बजे वह अपनी मां सुनीता (45) और बहन निशा के साथ बाबूरिया खेड़ा स्थित अपनी ससुराल से इको कार से घर लौट रहे थे।
इसी दौरान हरदोईया लाल नगर के पास पीछे से आए काली पल्सर बाइक सवार तीन बदमाशों ने उनकी इको कार के आगे बाइक लगाकर रास्ता रोक दिया। बदमाशों ने कार रुकते ही सुनीता के गले से सोने की चेन, सोने की बाली और मंगलसूत्र लूट लिया।
अचानक हुई इस वारदात से परिवार के लोग घबरा गए। बदमाश जेवर लेकर बाइक से भागने लगे, जिस पर शेरा यादव ने हिम्मत दिखाते हुए कुछ दूर तक उनका पीछा किया। पीछा किए जाने पर बदमाश अपनी पल्सर बाइक मौके पर छोड़कर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बदमाशों द्वारा छोड़ी गई बाइक को कब्जे में ले लिया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही बाइक के आधार पर बदमाशों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
