सीनियर सिटिजन होम, फ्रेगरेंस पार्क का शुभारंभ
लखनऊ। रक्षा मंत्री एवं लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह ने शनिवार को राजधानी में दो तोहफा दिया। शहर के गोमतीनगर में श्रीराम सीनियर सिटिजन होम तथा चौक क्षेत्र में फ्रेगरेंस पार्क का लोकार्पण किया। साथ ही पार्क में पंजाब केसरी लाला लाजपत राय और शहीद-ए-आजम भगत सिंह की आदमकद प्रतिमाओं का अनावरण भी किया गया।
इस अवसर पर राजनाथ सिंह ने कहा कि आधुनिक शहरों का निर्माण ऐसे स्थानों के विकास से होता है, जहाँ लोग प्रकृति से जुड़ सकें और बेहतर जीवन-गुणवत्ता का अनुभव कर सकें। पार्क केवल किसी शहर की सुंदरता बढ़ाने के लिए ही महत्त्वपूर्ण नहीं हैं, बल्कि वे महत्त्वपूर्ण सामाजिक अवसंरचना के रूप में भी काम करते हैं। पार्क में आने वाले बच्चे अपने माता-पिता से लाला लाजपत राय के बारे में पूछेंगे और इसी प्रक्रिया में वे महान स्वतंत्रता सेनानी के जीवन और योगदान के बारे में जानेंगे। उन्होंने कहा कि अनुभव और युवा ऊर्जा का संयोजन राष्ट्र-निर्माण के लिए समान रूप से महत्त्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि चाहे मिलेनियल्स या जेन-जी, बेबी बूमर्स या जेन-एक्स हों, हर पीढ़ी की देश के विकास में महत्त्वपूर्ण भूमिका है। रक्षा मंत्री ने उन शक्तियों के प्रति सावधान किया, जो सामाजिक विभाजनों और संकीर्ण हितों का फायदा उठाकर देश को कमजोर करने का प्रयास करती हैं। एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पार्क परिसर में चंदन का पौधा रोपा। समारोह में भारत विभाजन की 80 वर्ष पूर्व हुई मानवीय त्रासदी पर केंद्रित लघु फिल्म का प्रसारण किया गया।
रक्षा मंत्री ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनके सम्मान, सुरक्षा और गरिमापूर्ण जीवन के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना हम सभी की जिम्मेदारी है। बुजुर्गों को केवल सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण ही नहीं, बल्कि ऐसा माहौल भी मिलना चाहिए, जहां वे अकेलेपन से दूर रहकर स्वस्थ, सक्रिय और सम्मानजनक सामाजिक जीवन व्यतीत कर सकें।
यहां सुसज्जित कमरे, डाइनिंग एरिया, कॉमन रूम और गार्डन जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। बुजुर्गों की देखभाल के लिए प्रशिक्षित स्टाफ की भी व्यवस्था की गई है। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, भाजपा महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी, महापौर सुषमा खर्कवाल, विधान परिषद सदस्य मुकेश शर्मा, संस्थापक एसी शुक्ला, उमा शुक्ला, अनुराग साहू समेत काफी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
राजेश कुमार सिंह को पत्रकारिता एवं मीडिया क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने लखनऊ विश्वविद्यालय से बीएससी, एलएलबी और मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। वर्तमान में वह हिंदी दैनिक ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं। राजनीतिक, प्रशासनिक और शासन से जुड़े विषयों पर उनकी गहरी समझ है।
