SSC परीक्षा धांधली गैंग पर STF का शिकंजा, राजस्थान से वांछित आरोपी लोकेश गिरफ्तार
लखनऊ। कर्मचारी चयन आयोग (SSC) की ऑनलाइन परीक्षा में धांधली करने वाले गिरोह के खिलाफ उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वांछित आरोपी लोकेश को राजस्थान के अलवर से गिरफ्तार किया है। आरोपी पर CAPF और SSF में कांस्टेबल (GD) तथा असम राइफल में राइफलमैन परीक्षा-2026 में नकल कराने वाले गिरोह से जुड़े होने का आरोप है।
एसटीएफ के अनुसार, लोकेश को 30 जुलाई 2026 को शाम करीब 5:30 बजे अलवर से पकड़ा गया। उसकी निशानदेही पर घर से परीक्षा में गड़बड़ी के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए। इनमें 92 TFT स्क्रीन, 45 VGA कार्ड, 20 VGA टू HDMI कार्ड, रेसबेरीपाई डिवाइस, मेमोरी कार्ड, वाईफाई डोंगल, लैपटॉप और अन्य तकनीकी सामान शामिल हैं।
जांच में सामने आया कि 22 मई 2026 को ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क क्षेत्र स्थित बालाजी डिजिटल जोन में आयोजित SSC ऑनलाइन परीक्षा में प्रॉक्सी सर्वर और सर्वर हैकिंग के जरिए नकल कराने वाले गिरोह का खुलासा हुआ था। इस मामले में सेंटर संचालक प्रदीप चौहान समेत सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ के दौरान मॉडिफाइड TFT स्क्रीन की सप्लाई करने वाले लोकेश का नाम सामने आया, जिसके बाद वह फरार चल रहा था।
एसटीएफ के मुताबिक, आरोपी लोकेश कंप्यूटर हार्डवेयर और नेटवर्किंग का जानकार है। वह मॉडिफाइड TFT स्क्रीन तैयार कर विभिन्न राज्यों में सप्लाई करता था। इन स्क्रीन की मदद से परीक्षा केंद्र से प्रश्नों को बाहर भेजकर सॉल्वर द्वारा हल कराया जाता था।
गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ थाना नॉलेज पार्क, गौतमबुद्धनगर में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज है। एसटीएफ मामले में आगे की जांच कर रही है और गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
