लखीमपुर-खीरी, 31 जुलाई (तरुणमित्र)। थाना मैगलगंज पुलिस ने चोरी की एक बड़ी वारदात का सफल अनावरण करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी के लगभग तीन कुंतल एल्युमिनियम बिजली तार के 14 बंडल, घटना में प्रयुक्त एक कार और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग के निर्देशन में अपराध नियंत्रण एवं वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) एवं क्षेत्राधिकारी मितौली के पर्यवेक्षण में थाना मैगलगंज पुलिस ने यह कार्रवाई की। थाना मैगलगंज में पंजीकृत मुकदमा संख्या 316/2026, धारा 303(2) व 317(2) बीएनएस के अंतर्गत दर्ज चोरी के मामले में पुलिस टीम ने शुक्रवार तड़के करीब 4:15 बजे तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शोभित वर्मा (23), बीरेन्द्र वर्मा (28) निवासी गोबिंदनगर सुलेमपुर कोन तथा सुनील कुमार निषाद (27) निवासी बीनापुरम, गोबिंदनगर सुलेमपुर कोन, थाना खीरी के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के 14 बंडल (लगभग तीन कुंतल) एल्युमिनियम बिजली तार, घटना में प्रयुक्त कार संख्या UP16BA2376 तथा मोटरसाइकिल संख्या UP31BZ0399 बरामद की है। पुलिस ने बरामदगी एवं गिरफ्तारी के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर दिया।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक मुईन अहमद खां, उपनिरीक्षक शुभम कुमार, कांस्टेबल अजय कुमार, प्रदीप सरोज, भूपेन्द्र सिंह तथा रेडियो ऑपरेटर दीपांशु सिंह की सराहनीय भूमिका रही।