गोला गोकर्णनाथ-खीरी,30 जुलाई(तरुणमित्र)। पीजीटी परीक्षा उत्तीर्ण कर प्रवक्ता बनने वाले युवा प्रतिभा संजीव वर्मा को नगर के सनशाइन हॉस्पिटल एंड ट्रॉमा सेंटर ग्रुप के संचालक एवं भाजपा नेता डॉ. कौशल वर्मा ने सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर संजीव का फूल-मालाओं से स्वागत किया गया, मिठाई खिलाई गई तथा स्मृति-चिन्ह भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।
निकटवर्ती ग्राम कालीचरनपुर निवासी संजीव वर्मा ने पीजीटी परीक्षा में सफलता प्राप्त कर प्रवक्ता बनने का सपना साकार किया है। अपनी इस उपलब्धि का श्रेय उन्होंने अपने माता-पिता, परिवारजनों तथा गुरुजनों के मार्गदर्शन और आशीर्वाद को दिया।
सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. कौशल वर्मा ने कहा कि प्रतिभाओं का सम्मान समाज में सकारात्मक वातावरण तैयार करता है। ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ता है और अन्य युवाओं को भी शिक्षा एवं प्रतियोगी परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि समाज के मेधावी छात्र-छात्राओं को आगे बढ़ाने के लिए वे समय-समय पर सम्मानित करने के साथ हरसंभव सहयोग और मार्गदर्शन भी प्रदान करते रहेंगे।
समारोह में संजीव वर्मा के परिजन, चिकित्सक दल के सदस्य तथा गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने संजीव की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।