सपा कार्यकर्ताओं ने आठ सूत्रीय मांगों का एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
शहनूर अली
निघासन-खीरी,06 जून(तरुणमित्र)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव व पूर्व विधायक आरएस कुशवाहा और पूर्व जिलाध्यक्ष अनुराग पटेल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने शनिवार को राज्यपाल को संबोधित आठ सूत्रीय ज्ञापन एसडीएम को सौंपकर विभिन्न जनसमस्याओं के समाधान की मांग उठाई। ज्ञापन में महंगाई, किसानों की समस्याएं, बेरोजगारी, खाद संकट, बिजली व्यवस्था और कानून-व्यवस्था समेत कई मुद्दे शामिल किए गए।
राष्ट्रीय सचिव व पूर्व विधायक आरएस कुशवाहा ने कहा कि प्रदेश की जनता महंगाई, भ्रष्टाचार, लूट-हत्या, महिला उत्पीड़न तथा छात्रों और अधिवक्ताओं पर हो रहे लाठीचार्ज जैसी घटनाओं से परेशान है। उन्होंने कहा कि डीजल और पेट्रोल की बढ़ती कीमतों के कारण आवश्यक वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे आमजन और किसान दोनों प्रभावित हो रहे हैं। किसानों को खाद के लिए लंबी कतारों में लगना पड़ रहा है।
ज्ञापन में बेरोजगारी को गंभीर समस्या बताते हुए युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की मांग की गई। साथ ही प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं पर चिंता जताते हुए नीट परीक्षा प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और प्रभावित अभ्यर्थियों को उचित मुआवजा देने की मांग की गई।
सपा नेताओं ने ग्रामीण क्षेत्रों में डीजल की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने, घरेलू रसोई गैस की नियमित आपूर्ति और व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की कीमतों में कमी किए जाने की मांग भी उठाई। इसके अलावा किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने तथा निघासन क्षेत्र के गन्ना किसानों का बजाज चीनी मिल पर बकाया भुगतान जल्द कराने की मांग की गई।
ज्ञापन में कथित फर्जी मुठभेड़ों पर रोक लगाने, धर्म आधारित कार्रवाई बंद करने तथा वन क्षेत्र से सटे गांवों में हिंसक वन्यजीवों के हमलों से होने वाली जनहानि रोकने के लिए जंगलों के चारों ओर सुरक्षा तार लगाने की मांग भी शामिल रही। वन्यजीव हमलों में मृतकों के परिजनों को कम से कम 20 लाख रुपये मुआवजा दिए जाने की मांग की गई।
इसके अलावा बाढ़ प्रभावित निघासन क्षेत्र में समय रहते प्रभावी प्रबंध किए जाने की मांग करते हुए चेतावनी दी गई कि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं होने पर समाजवादी पार्टी कार्यकर्ता आंदोलन करने को बाध्य होंगे। एसडीएम ने ज्ञापन प्राप्त कर मांगों को शासन तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष भण्डारी यादव,मनोज वर्मा,नेत्र प्रकाश मिश्रा,माजिद अली,संदीप यादव,राजेश चतुर्वेदी,रफीक अहमद,चेतराम यादव,विपिन वर्मा,राजेंद्र यादव,असलम अंसारी,हरद्वारी लाल,लेखराम भास्कर सहित तमाम सपा के कार्यकर्ता मौजूद रहे।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पिछले एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय देवांश सिंह खबरों की तेज़ समझ और ज़मीनी पकड़ के लिए जाने जाते हैं। रिपोर्टिंग और समाचार लेखन के क्षेत्र में उन्होंने निरंतर काम किया है। वर्तमान में वह ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं।
