स्कूल में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई श्रीकृष्ण जन्माष्टमी
— नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने राधा-कृष्ण की वेशभूषा धारण कर मन मोहा

लखनऊ। माइलस्टोन ग्लोबल स्कूल में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास, श्रद्धा एवं भव्यता के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्रीकृष्ण की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पूजन-अर्चन के साथ हुआ।
इस अवसर पर विद्यालय के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने राधा-कृष्ण की मनमोहक वेशभूषा धारण कर सभी का मन मोह लिया। बच्चों ने श्रीकृष्ण की बाल लीलाएं, माखन चोरी तथा गोकुल की सुंदर झांकियों की मनमोहक प्रस्तुति दी। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत नृत्य, भजन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
विद्यालय के चेयरमैन वीरेंद्र प्रताप सिंह ने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन एवं उनकी लीलाओं पर प्रकाश डालते हुए विशेष रूप से कंस वध की लीला का व्याख्यान किया। उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि भगवान श्रीकृष्ण ने अत्याचार और अधर्म का अंत कर धर्म की स्थापना का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण का जीवन हमें सत्य, धर्म, कर्म, साहस और अन्याय के विरुद्ध खड़े होने की प्रेरणा देता है। विद्यालय परिसर में आकर्षक श्रीकृष्ण झांकी एवं मटकी फोड़ कार्यक्रम भी आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित अभिभावकों एवं शिक्षकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
विद्यालय के चेयरमैन वीरेंद्र प्रताप सिंह ने सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे सांस्कृतिक एवं धार्मिक आयोजन बच्चों को अपनी गौरवशाली भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम का समापन भगवान श्रीकृष्ण की आरती एवं प्रसाद वितरण के साथ हुआ। पूरे विद्यालय परिसर में “ जय श्रीकृष्ण ” के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो गया। इस अवसर पर विद्यालय के अध्यक्ष वीरेंद्र प्रताप सिंह निदेशक जितेंद्र कुमार सिंह प्रबंधक तृष्णा सिंह प्रधानाचार्य रोहिणी शशांक मिश्रा तथा समस्त शिक्षक शिक्षिकाएं एवं अभिभावक मौजूद रहे।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
शुभम कश्यप को पत्रकारिता और मीडिया क्षेत्र में 10 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं। उनकी विशेषज्ञता चिकित्सा एवं स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़ी खबरों और अस्पताल आधारित रिपोर्टिंग में है, जहाँ वह विषयों को तथ्यपरक, सटीक और जिम्मेदार ढंग से प्रस्तुत करते हैं।
