श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता, सेवा भाव से निभाएं दायित्व : डीएम
श्री लोधेश्वर महादेव मंदिर में श्रावण सोमवारों की व्यवस्थाओं को लेकर जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों तथा पुलिस अधिकारियों की ब्रीफिंग सम्पन्न
मनोज शर्मा
- कांवड़ यात्रा मार्गों पर सभी मूलभूत सुविधाएं रहें सुदृढ़, चिकित्सालयों को रखा जाए अलर्ट मोड पर: डीएम
बाराबंकी। श्रावण मास–2026 के दौरान श्री लोधेश्वर महादेव मंदिर में पड़ने वाले सोमवारों पर संभावित श्रद्धालु एवं कांवड़ियों की भीड़ को दृष्टिगत रखते हुए महादेवा ऑडिटोरियम में तैनात जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों तथा उनके समकक्ष पुलिस अधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह एवं पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय द्वारा की गई।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट निर्धारित समय से अपने-अपने क्षेत्र में उपस्थित होकर सतत भ्रमणशील रहें तथा प्रत्येक व्यवस्था पर निरंतर निगरानी बनाए रखें। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं एवं कांवड़ियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए भीड़ प्रबंधन, बैरिकेडिंग, यातायात संचालन, पार्किंग व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, चिकित्सा सुविधा, खोया-पाया केंद्र तथा आपातकालीन व्यवस्थाओं का नियमित निरीक्षण किया जाए और किसी भी समस्या का तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए।
ये खबर भी पढ़े : यातायात व्यवस्था को और प्रभावी बनाने की दिशा में प्रतापगढ़ पुलिस को मिली अत्याधुनिक इनोवा इंटरसेप्टर वाहन की सौगातउन्होंने निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा मार्गों पर पड़ने वाले सभी पंचायत भवनों एवं अन्य शासकीय भवनों की समुचित साफ-सफाई कराते हुए वहां पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाएं सुचारु रूप से उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही कांवड़ मार्ग पर स्थित सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र एवं अन्य चिकित्सालयों को पूर्णतः अलर्ट मोड पर रखते हुए चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ, आवश्यक दवाओं एवं एम्बुलेंस की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि श्रावण मास में आने वाले श्रद्धालुओं एवं कांवड़ियों के साथ सौहार्दपूर्ण, संवेदनशील एवं मित्रवत व्यवहार किया जाए। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी सेवा भाव के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें तथा किसी भी आकस्मिक स्थिति की सूचना तत्काल कंट्रोल रूम एवं उच्चाधिकारियों को उपलब्ध कराते हुए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें।
पुलिस अधीक्षक ने निर्देशित किया कि सभी पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी अपने निर्धारित ड्यूटी प्वाइंट्स पर समय से उपस्थित रहकर पूर्ण सतर्कता एवं अनुशासन के साथ दायित्वों का निर्वहन करें। संवेदनशील स्थलों, प्रमुख मार्गों, पार्किंग क्षेत्रों तथा भीड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाए तथा जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों के साथ सतत समन्वय स्थापित कर कानून-व्यवस्था एवं यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखा जाए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं एवं कांवड़ियों के साथ विनम्र एवं संवेदनशील व्यवहार करते हुए उनकी सहायता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
ब्रीफिंग के पूर्व अधिकारीद्वय द्वारा सम्पूर्ण परिसर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का अवलोकन भी किया गया। उल्लेखनीय है कि श्रावण मास के दौरान श्री लोधेश्वर महादेव मंदिर एवं कांवड़ यात्रा मार्ग की प्रभावी निगरानी एवं व्यवस्थाओं के सुचारु संचालन के लिए सम्पूर्ण क्षेत्र को 04 जोन एवं 09 सेक्टर में विभाजित किया गया है। प्रत्येक जोन में जोनल मजिस्ट्रेट एवं उनके काउंटरपार्ट पुलिस अधिकारी तथा प्रत्येक सेक्टर में सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं उनके काउंटरपार्ट पुलिस अधिकारियों की तैनाती की गई है।बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी, जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
