यातायात व्यवस्था को और प्रभावी बनाने की दिशा में प्रतापगढ़ पुलिस को मिली अत्याधुनिक इनोवा इंटरसेप्टर वाहन की सौगात
प्रतापगढ़।पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ दीपक भूकर द्वारा पुलिस लाइन, प्रतापगढ़ से वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक आलोक कुमार, क्षेत्राधिकारी यातायात रविन्द्र प्रताप सिंह, प्रतिसार निरीक्षक राजीव कुमार राय सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
यह अत्याधुनिक इंटरसेप्टर वाहन नवीन तकनीकों एवं आधुनिक उपकरणों से सुसज्जित है। वाहन में स्थापित स्पीड गन के माध्यम से निर्धारित गति सीमा से अधिक गति से चलने वाले वाहनों की पहचान कर उनका ई-चालान स्वतः (ऑटोमेटिक) जनरेट किया जा सकेगा। इससे ओवरस्पीडिंग पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित होगा तथा सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने में महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी।
इसके अतिरिक्त वाहन में ब्लैक फिल्म (सन फिल्म) की जांच हेतु विशेष मापक उपकरण उपलब्ध है, जिससे मानक से अधिक ब्लैक फिल्म लगे वाहनों के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही की जा सकेगी। साथ ही ब्रीथ एनालाइज़र (Breath Analyzer) की सहायता से शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालकों की जांच कर उनके विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार विधिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इंटरसेप्टर वाहन को जनपद के विभिन्न राष्ट्रीय एवं राज्य मार्गों सहित दुर्घटना संभावित स्थलों तथा प्रमुख मार्गों पर आवश्यकता के अनुसार नियमित रूप से तैनात किया जाएगा। इस वाहन के माध्यम से ओवरस्पीडिंग, शराब पीकर वाहन चलाना, यातायात नियमों का उल्लंघन तथा अन्य सड़क सुरक्षा संबंधी अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जाएगा। इसका उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना, यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराना तथा आमजन को सुरक्षित एवं सुगम यातायात उपलब्ध कराना है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
ब्रजेश त्रिपाठी को पत्रकारिता क्षेत्र में 35 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। अपने लंबे करियर के दौरान उन्होंने समाचार लेखन और संपादन के विभिन्न दायित्वों का निर्वहन किया है। वर्तमान में वह ‘तरुणमित्र’ में उप्र के प्रतापगढ़ जनपद के व्यूरो प्रमुख के पद पर कार्यरत हैं।
