पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर द्वारा जुलाई में आईजीआरएस पर प्राप्त असंतुष्ट फीडबैक की समीक्षा
शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के दिए निर्देश
संत कबीर नगर, आज पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर संदीप कुमार मीना* द्वारा जुलाई-2026 माह में आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त असंतुष्ट फीडबैक की समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान संबंधित प्रकरणों की विस्तृत जानकारी प्राप्त करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जनशिकायतों का गुणवत्तापूर्ण, निष्पक्ष एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनशिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। प्रत्येक शिकायतकर्ता की समस्या का संवेदनशीलता, पारदर्शिता एवं जवाबदेही के साथ संतोषजनक समाधान सुनिश्चित किया जाए तथा शिकायतों के निस्तारण के दौरान शिकायतकर्ता से नियमित संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का प्रभावी समाधान किया जाए, जिससे आमजन का पुलिस के प्रति विश्वास और अधिक सुदृढ़ हो।
समीक्षा के दौरान आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पाए जाने पर उपनिरीक्षक वीर बहादुर यादव एवं मुख्य आरक्षी दीपचंद को अनुशासनात्मक रूप से दण्डस्वरूप दौड़ लगवाई गई तथा भविष्य में ऐसी लापरवाही की पुनरावृत्ति न होने की कड़ी चेतावनी दी गई।
पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि जनशिकायतों का निस्तारण शासन की मंशा के अनुरूप सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध ढंग से किया जाए, जिससे आमजन को त्वरित न्याय एवं बेहतर पुलिस सेवा उपलब्ध कराई जा सके।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में पाँच वर्षों का अनुभव रखने वाले दयानिधि त्रिपाठी वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ के संत कबीर नगर ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं। क्षेत्रीय मुद्दों पर ज़मीनी पकड़ और तथ्यपरक कवरेज के साथ वह लगातार रिपोर्टिंग कर रहे हैं।
