सरकार के उजाले के दावों पर बिजली संकट का अंधेरा भारी, दो महीने से नहीं बदला बिजली का पोल
संवाददाता/ धर्मेन्द्र श्रीवास्तव
जैतीपुर/शाहजहांपुर। विकासखंड जैतीपुर के ग्राम रामपुर में बिजली संकट से ग्रामीणों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है। ग्रामीणों के अनुसार, गांव के 100 से अधिक परिवार कई महीनों से अनियमित बिजली आपूर्ति की समस्या झेल रहे हैं। हाल ही में तेज आंधी-तूफान के दौरान बिजली का एक खंभा टूट गया, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई। ग्रामीणों का कहना है कि खंभा टूटने के बाद बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई। इसकी सूचना कई बार संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को दी गई, लेकिन अब तक नया खंभा नहीं लगाया गया है। उनका आरोप है कि शिकायतों के बावजूद केवल आश्वासन मिल रहा है और स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।
बिजली न होने से पेयजल व्यवस्था भी प्रभावित हो गई है। बिजली से चलने वाली मोटरें बंद होने के कारण लोगों को पानी की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। वहीं मोबाइल चार्ज करने, बच्चों की पढ़ाई और घरेलू कामकाज में भी भारी दिक्कतें आ रही हैं। रात के समय पूरा इलाका अंधेरे में डूब जाता है, जिससे ग्रामीणों में असुरक्षा की भावना भी बनी रहती है। ग्रामीणों ने यह भी आशंका जताई है कि टूटा हुआ खंभा और नीचे लटकते बिजली के तार किसी भी समय दुर्घटना का कारण बन सकते हैं। उन्होंने विद्युत विभाग से जल्द नया खंभा लगाकर नियमित बिजली आपूर्ति बहाल कराने की मांग की है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
आफ़वां खान उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जनपद के ब्यूरो प्रमुख हैं। इनकी पत्रकारिता के करीब हर बिन्दुओं पर गहरी पकड़ है।
