बैतालपुर में रेलवे संपत्ति चोरी का भंडाफोड़, 59 पेंड्राल क्लिप के साथ दो गिरफ्तार
मॉडिफाइड बाइक पर रेलवे का लोहा ले जाते पकड़े गए आरोपी, 5,015 रुपये की संपत्ति बरामद
देवरिया। रेलवे सुरक्षा बल देवरिया सदर ने ऑपरेशन रेल सुरक्षा के तहत कार्रवाई करते हुए रेलवे संपत्ति चोरी के मामले में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से रेलवे लाइन में इस्तेमाल होने वाले 59 पेंड्राल क्लिप (ERC) बरामद किए गए हैं। बरामद रेल संपत्ति की अनुमानित कीमत 5,015 रुपये बताई गई है।
आरपीएफ के अनुसार, 26 अगस्त को चौरीचौरा क्षेत्र में निगरानी के दौरान आरपीएफ और सीआईबी की टीम को रेलवे संपत्ति चोरी की सूचना मिली। इसके बाद टीम ने गौरीबाजार होते हुए बैतालपुर क्षेत्र में निगरानी बढ़ाई। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बैतालपुर रेलवे स्टेशन के दक्षिण रेलवे रोड स्थित समपार संख्या 133 AC के पश्चिमी क्षेत्र में दो व्यक्ति मॉडिफाइड मोटरसाइकिल पर रेलवे का लोहा लेकर जा रहे हैं।
सूचना पर टीम ने गोविंदपुर गंज रोड के आसपास निगरानी शुरू की। कुछ देर बाद पश्चिम दिशा से बैतालपुर रेलवे स्टेशन की ओर आती एक मॉडिफाइड मोटरसाइकिल दिखाई दी। बाइक के पिछले हिस्से में सामान ढोने के लिए डोंगानुमा ढांचा बना था। उस पर दो व्यक्ति सवार थे। आरपीएफ टीम को देखते ही दोनों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन जवानों ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान बाइक के पीछे बने डोंगे में रखी तीन प्लास्टिक की बोरियां बरामद हुईं। जांच करने पर पहली बोरी से 14, दूसरी से 20 और तीसरी से 25 पेंड्राल क्लिप, यानी कुल 59 पेंड्राल क्लिप बरामद किए गए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पप्पू खान (23) पुत्र स्व. भरत खान, वर्तमान निवासी तरकुलहा, थाना चौरीचौरा, गोरखपुर तथा स्थायी निवासी छोटा तेलपा, थाना भगवान बाजार, छपरा (बिहार), और समीर अंसारी (19) पुत्र स्व. उमेश अंसारी, वर्तमान निवासी तरकुलहा, थाना चौरीचौरा, गोरखपुर तथा स्थायी निवासी छोटा तेलपा, थाना भगवान बाजार, छपरा (बिहार) के रूप में हुई है।
आरपीएफ के मुताबिक, पूछताछ में सामने आया कि दोनों का तरीका स्टोर के बाहर पड़ी तथा रेलवे लाइन से निकली रेल संपत्ति को चोरी कर ले जाना था। मामले में दोनों को 26 अगस्त को शाम 4:50 बजे हिरासत में लिया गया।
इस संबंध में आर पी एफ पोस्ट देवरिया सदर पर अपराध संख्या 05/26, धारा 3 रेलवे संपत्ति (अवैध कब्जा) अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक पूनम पाठक द्वारा की जा रही है।
आरपीएफ की इस कार्रवाई से रेलवे संपत्ति की चोरी करने वाले गिरोहों में हड़कंप मचा है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
दशकों से अधिक समय से पत्रकारिता में सक्रिय प्रेम शकर मणि वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में देवरिया व्यूरो के रूप में कार्यरत हैं। सटीक भाषा, तथ्यपरक संपादन और समाचारों को संतुलित रूप देने की उनकी क्षमता उनकी पहचान है।
