लखनऊ,गोसाईगंज। मोहनलालगंज विधानसभा क्षेत्र के गोसाईगंज स्थित जौखंडी ग्राम पंचायत में गुरुवार को लगभग 300 मीटर लंबी इंटरलॉकिंग सड़क निर्माण कार्य का शिलान्यास क्षेत्रीय विधायक अमरेश कुमार रावत ने किया। इस सड़क का निर्माण ग्रामीण अभियंत्रण विभाग (आरईडी) द्वारा कराया जाएगा। लंबे समय से जर्जर पड़े इस मार्ग के निर्माण से ग्रामीणों में खुशी का माहौल है।
खेमा खेड़ा संपर्क मार्ग से जौखंडी स्थित सिद्धेश्वर महादेव मंदिर तक जाने वाला यह रास्ता पिछले लगभग 30 वर्षों से बदहाल स्थिति में था। जगह-जगह टूटे खड़ंजे और कीचड़ के कारण ग्रामीणों, श्रद्धालुओं तथा राहगीरों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। स्थानीय लोगों द्वारा कई बार मार्ग की मरम्मत और निर्माण की मांग उठाई गई, जिसके बाद अब इस सड़क के निर्माण की प्रक्रिया शुरू हो गई है।ग्रामीणों ने बताया कि इस कार्य को स्वीकृति दिलाने और निर्माण की पहल कराने में ग्राम प्रधान मोहम्मद शब्बीर तथा आशीष त्रिपाठी (मंटू महराज) का विशेष योगदान रहा। इंटरलॉकिंग सड़क बनने से न केवल ग्रामीणों को सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी, बल्कि गांव का एक महत्वपूर्ण हिस्सा मुख्य सड़क से भी सीधे जुड़ जाएगा।
शिलान्यास कार्यक्रम में जिला पंचायत प्रतिनिधि अभिषेक रावत, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के जूनियर इंजीनियर रविंद्र यादव, ग्राम प्रधान दिग्विजय चौरसिया (भौंरा खुर्द), चंद्रशेखर गौतम, रियाजुद्दीन, मो. इलियास सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। इस अवसर पर विधायक अमरेश कुमार रावत ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में जर्जर सड़कों के निर्माण और विकास कार्यों के लिए लगातार बजट उपलब्ध करा रही है।
उनका उद्देश्य प्रत्येक गांव तक बेहतर, स्वच्छ और कीचड़ मुक्त मार्ग उपलब्ध कराना है, जिससे ग्रामीणों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे भी जारी रखा जाएगा।