केजीएमयू में पेन मेडिसिन यूनिट शुरू
— जोड़ों के दर्द के लिए कम लागत पर पीआरपी उपचार उपलब्ध
लखनऊ। किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय, केजीएमयू के पेन मेडिसिन यूनिट में अब जोड़ों के दर्द से पीड़ित मरीजों के लिए प्लेटलेट रिच प्लाज़्मा उपचार अत्यंत कम लागत पर उपलब्ध कराया जा रहा है। यह सुविधा केजीएमयू के ट्रांसफ्यूजन मेडिसिन की विभागाध्यक्ष प्रो तुलिका चंद्रा के सहयोग से शुरू की गई है, जिसमें पेन मेडिसिन इंचार्ज डॉ सरिता सिंह द्वारा यह प्रयास किया गया, जिससे गरीब मरीजों को गुणवत्तापूर्ण एवं किफायती उपचार का लाभ मिल सकेगा।पीआरपी थेरेपी में मरीज के स्वयं के रक्त से प्लेटलेट्स को अलग कर प्रभावित जोड़ या ऊतक में लगाया जाता है,जिससे प्राकृतिक रूप से ऊतकों की मरम्मत एवं दर्द में राहत मिलती है। यह उपचार विशेष रूप से घुटने, कंधे, कोहनी तथा अन्य जोड़ों के दर्द से पीड़ित मरीजों के लिए लाभकारी माना जाता है। केजीएमयू प्रशासन का उद्देश्य आधुनिक एवं प्रभावी उपचार को अधिक से अधिक मरीजों तक कम लागत में उपलब्ध कराना है। इस पहल से ऐसे मरीजों को विशेष लाभ मिलेगा जो महंगे निजी अस्पतालों में पीआरपी उपचार कराने में असमर्थ हैं। पीआरपी उपचार संबंधी अधिक जानकारी एवं परामर्श के लिए मरीज पेन मेडिसिन यूनिट, केजीएमयू, लखनऊ के पेन मेडिसिन यूनिट ओपीडी कमरा न .204 नई बिल्डिंग में संपर्क कर सकते हैं।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
शुभम कश्यप को पत्रकारिता और मीडिया क्षेत्र में 10 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं। उनकी विशेषज्ञता चिकित्सा एवं स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़ी खबरों और अस्पताल आधारित रिपोर्टिंग में है, जहाँ वह विषयों को तथ्यपरक, सटीक और जिम्मेदार ढंग से प्रस्तुत करते हैं।
