आवासीय इलाके में भारी वाहनों की पार्किंग बनी आफ़त
-भारी वाहनों के अवैध संचालन से रहवासी परेशान
-चिनहट इलाके का मामला
लखनऊ। चिनहट इलाके में आवासीय इलाके में भारी वाहनों की पार्किंग लोगों का जीना दुश्वार कर दिया है। आवासीय इलाके में भारी वाहनों के आवागमन से सड़क जर्जर हो गई है। क्षेत्र में रहने वाले बच्चे भी घरों में कैद हो जाते है। परिजनों को इन बड़े वाहनों के नीचे आने से बच्चों के साथ होने वाले हादसे का भय बना रहता है। वहीं सड़क पर खड़े इन वाहनों के कारण स्थानीय लोगों के आवागमन में भी असुविधा होती है। इस मामले में स्थानीय लोगों ने चिनहट थाने में शिकायत की है।
जानकारी के मुताबिक़ शांति विहार रेजिडेंट्स वेलफेयर सोसाइटी, कंचनपुर-मटियारी, चिनहट के पदाधिकारियों एवं स्थानीय निवासियों ने नगर निगम के एक ठेकेदार के विरुद्ध कोतवाली चिनहट में शिकायत दर्ज कराते हुए कॉलोनी में भारी वाहनों के अवैध संचालन, सड़क अवरुद्ध करने तथा गंदगी फैलाने का आरोप लगाया है। सोसाइटी के अनुसार पिछले लगभग एक वर्ष से नगर निगम के ठेकेदार शैलेन्द्र सिंह द्वारा नगर निगम की भारी-भरकम गाड़ियां, टैंकर एवं अन्य वाहन शांति विहार कॉलोनी की ए-लेन में खड़े किए जा रहे हैं।
इन वाहनों के माध्यम से पानी भरने तथा अन्य कार्य किए जाते हैं। आरोप है कि सीवर, नालियों एवं नालों की सफाई से निकला कचरा, मलबा एवं गंदगी भी सड़क पर ही डाल दी जाती है, जिससे पूरे क्षेत्र में गंदगी और प्रदूषण फैल रहा है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि भारी वाहनों के लगातार आवागमन और लंबे समय तक सड़क पर खड़े रहने के कारण कॉलोनी की सड़कें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई हैं।
सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं, जिनमें वर्षा और गंदा पानी जमा रहता है। इससे महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों एवं स्कूली विद्यार्थियों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है तथा दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ गई है। रहवासियों ने यह भी आरोप लगाया है कि भारी वाहन कई बार पूरी सड़क घेर लेते हैं, जिससे आवागमन बाधित होता है और आपातकालीन परिस्थितियों में गंभीर समस्या उत्पन्न हो सकती है। जलभराव, कीचड़ एवं गंदगी के कारण संक्रामक रोग फैलने की आशंका भी बनी हुई है।
सोसाइटी पदाधिकारियों के अनुसार कई बार मौखिक शिकायत एवं अनुरोध किए जाने के बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है, जिससे क्षेत्रवासियों में रोष व्याप्त है। इस संबंध में कोतवाली चिनहट में प्रार्थना-पत्र देकर मामले की जांच कर संबंधित ठेकेदार के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई, कॉलोनी में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक तथा क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत एवं क्षतिपूर्ति की मांग की गई है।
शांति विहार रेजिडेंट्स वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष इन्द्र देव दुबे एवं महासचिव सबई यादव ने प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप कर कॉलोनीवासियों को राहत प्रदान करने की मांग की है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पिछले छह वर्षों से क्राइम रिपोर्टिंग में सक्रिय सत्य प्रकाश भारती अपराध से जुड़े मामलों पर गहरी पकड़ रखते हैं। तथ्यपरक रिपोर्टिंग और संतुलित प्रस्तुति उनकी कार्यशैली की पहचान है। वर्तमान में वह ‘तरुणमित्र’ में कार्यरत हैं।
