पीजीआई में 38वां स्थापना दिवस
— पैराथायराइड रोगों के आधुनिक निदान पर चर्चा
— एलुमनाई मीट व पैराथायराइड सर्जरी मास्टर क्लास पर चर्चा
लखनऊ। संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान के एंडोक्राइन सर्जरी विभाग द्वारा विभाग के 38वें स्थापना दिवस के अवसर पर एलुमनाई मीट व पैराथायराइड सर्जरी मास्टर क्लास का एक दिवसीय भव्य आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में देश-विदेश के विभिन्न प्रतिष्ठित संस्थानों से आए प्रख्यात विशेषज्ञों, वरिष्ठ चिकित्सकों, विभाग के पूर्व एवं वर्तमान संकाय सदस्यों, प्रतिष्ठित एलुमनाई और अतिथियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम में इंडियन सोसाइटी ऑफ थायरॉयड सर्जन्स के अध्यक्ष डॉ. कौस्तुभ पटेल, डॉ. दीपक श्रीन, डॉ. सौरभ अरोड़ा, डॉ. पी. अरुण सहित देश-विदेश से आए अनेक प्रतिष्ठित विशेषज्ञ एवं विभाग के प्रमुख एलुमनाई उपस्थित रहे। विशेषज्ञों की सहभागिता ने कार्यक्रम को उच्च स्तरीय शैक्षणिक एवं वैज्ञानिक मंच प्रदान किया। मुख्य अतिथि संस्थान के निदेशक पद्मश्री प्रो. आर.के. धीमन रहे। इस अवसर पर संस्थान के अनेक सेवानिवृत्त प्रोफेसरों एवं वरिष्ठ चिकित्सकों की उपस्थिति रही।
पैराथायरॉयड सर्जरी मास्टर क्लास में पैराथायरॉयड रोगों के आधुनिक निदान एवं शल्य चिकित्सा प्रबंधन से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा व्याख्यान एवं विचार-विमर्श किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवा सर्जनों एवं चिकित्सकों को आधुनिक पैराथायरॉयड सर्जरी की तकनीकों, व्यावहारिक अनुभव तथा जटिल मामलों के प्रबंधन से परिचित कराना था।
एक दिवसीय इस आयोजन ने ज्ञान, अनुभव, परंपरा और नई पीढ़ी की ऊर्जा को एक मंच पर लाने का महत्वपूर्ण कार्य किया। कार्यक्रम ने न केवल पैराथायरॉयड एवं एंडोक्राइन सर्जरी के क्षेत्र में नवीनतम ज्ञान के आदान-प्रदान का अवसर प्रदान किया, बल्कि एसजीपीजीआईएमएस की गौरवशाली अकादमिक विरासत और उसके एलुमनाई के साथ मजबूत संबंधों को भी और मजबूत किया।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
शुभम कश्यप को पत्रकारिता और मीडिया क्षेत्र में 10 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं। उनकी विशेषज्ञता चिकित्सा एवं स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़ी खबरों और अस्पताल आधारित रिपोर्टिंग में है, जहाँ वह विषयों को तथ्यपरक, सटीक और जिम्मेदार ढंग से प्रस्तुत करते हैं।
