लखीमपुर-खीरी,16 अगस्त(तरुणमित्र)। लखनऊ पब्लिक स्कूल की लखीमपुर शाखा में 80वाँ स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रीय भावना, उत्साह एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री विजय सचदेवा द्वारा राष्ट्रीय तिरंगे के ध्वजारोहण के साथ हुआ। इसके पश्चात राष्ट्रगान से वातावरण देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत हो गया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सामूहिक गीत ‘मिट्टी की कसम, तिरंगे की कसम, साथ चलेंगे हम’ प्रस्तुत किया। नन्हे-मुन्ने बच्चों ने देशभक्ति गीतों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।
छात्र विहान ने देशभक्ति पर आधारित कविता प्रस्तुत की, जबकि छात्रा भाव्या ने ‘तिरंगे की वीरगाथा’ गीत की शानदार प्रस्तुति देकर उपस्थित सभी लोगों को भावविभोर कर दिया। विद्यार्थियों की उत्कृष्ट प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में देशप्रेम और राष्ट्रभक्ति का अद्भुत रंग भर दिया।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य श्री विजय सचदेवा ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं तथा विद्यार्थियों को राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों एवं कर्तव्यों को निष्ठा, अनुशासन और उत्कृष्टता के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया।
समारोह के अंत में सभी बच्चों को मिष्ठान वितरित किया गया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति की भावना के साथ हुआ।