राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ ने किया पुस्तक का भव्य लोकार्पण
— संत शिरोमणि सद्गुरु रविदास की 650 वीं जयंती मनायी गई
लखनऊ। संत शिरोमणि सद्गुरु रविदास की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय लखनऊ में आयोजित समारोह में अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के संगठन मंत्री महेंद्र कपूर, अध्यक्ष प्रो. नारायण लाल गुप्ता, महामंत्री प्रो. गीता भट्ट, सह संगठन मंत्री . लक्ष्मण, वरिष्ठ उपाध्यक्ष महेंद्र कुमार की उपस्थिति में ‘संत शिरोमणि सद्गुरु रविदास ’ पुस्तक का लोकार्पण सम्पन्न हुआ। मुख्य अतिथि महेन्द्र कपूर ने कहा कि संत शिरोमणि रविदास केवल एक संत या भक्त कवि ही नहीं, बल्कि भारतीय समाज में समता, मानव गरिमा, श्रम की प्रतिष्ठा और आध्यात्मिक चेतना के महान प्रवक्ता हैं। उन्होंने कहा कि आज जब समाज अनेक प्रकार की विषमताओं और मूल्य-संकटों का सामना कर रहा है, तब संत रविदास का चिंतन पहले से कहीं अधिक प्रासंगिक हो उठता है। उनका संदेश मनुष्य को जाति, वर्ग और बाह्य आडंबरों से ऊपर उठकर प्रेम, करुणा, सेवा, समरसता और आत्मशुद्धि का मार्ग अपनाने की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम अध्यक्ष प्रो. नारायण लाल गुप्ता ने बताया कि यह पुस्तक केवल संत रविदास के जीवन-वृत्त का परिचय नहीं है, बल्कि उनकी वाणी, भक्ति-दर्शन, सामाजिक समरसता, आध्यात्मिक चिंतन तथा समकालीन संदर्भों में उनकी शिक्षाओं की प्रासंगिकता का प्रामाणिक एवं सरल विश्लेषण प्रस्तुत करती है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
शुभम कश्यप को पत्रकारिता और मीडिया क्षेत्र में 10 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं। उनकी विशेषज्ञता चिकित्सा एवं स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़ी खबरों और अस्पताल आधारित रिपोर्टिंग में है, जहाँ वह विषयों को तथ्यपरक, सटीक और जिम्मेदार ढंग से प्रस्तुत करते हैं।
