केंद्रीय ट्रेड यूनियनों का 29 जुलाई को दिल्ली में राष्ट्रीय सम्मेलन
लखनऊ। विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति के केंद्रीय पदाधिकारियों ने आज बताया कि संयुक्त किसान मोर्चा तथा दस केंद्रीय ट्रेड यूनियनों के संयुक्त आह्वान पर किसानों, मजदूरों एवं कर्मचारियों का एक विशाल राष्ट्रीय सम्मेलन 29 जुलाई,को नई दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। इस सम्मेलन में देशभर के किसान संगठनों,सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों तथा विभिन्न उद्योगों के श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में भाग लेंगे।
संघर्ष समिति ने बताया कि सम्मेलन में देश के किसानों, श्रमिकों, कर्मचारियों तथा सार्वजनिक क्षेत्र से जुड़े अत्यंत महत्वपूर्ण मुद्दों पर व्यापक विचार-विमर्श होगा। प्रमुख विषयों में केंद्र सरकार द्वारा बिजली क्षेत्र के निजीकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रस्तावित इलेक्ट्रिसिटी (संशोधन) विधेयक-2025, प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों में विद्युत वितरण कंपनियों के निजीकरण की बढ़ती प्रक्रिया, श्रमिक अधिकारों को प्रभावित करने वाली चार श्रम संहिताएं (लेबर कोड्स) तथा प्रस्तावित बीज विधेयक शामिल हैं। इन सभी मुद्दों पर साझा राष्ट्रीय रणनीति तैयार करते हुए व्यापक जन आंदोलन की रूपरेखा तय किए जाने की संभावना है। संघर्ष समिति ने कहा कि देश के विभिन्न राज्यों से सार्वजनिक क्षेत्र के कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधि तथा संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर तले हजारों किसान प्रतिनिधि इस सम्मेलन में भाग लेकर निजीकरण, श्रम विरोधी नीतियों और किसान विरोधी कदमों के विरुद्ध साझा संघर्ष को और अधिक मजबूत करने का संकल्प लेंगे।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
शुभम कश्यप को पत्रकारिता और मीडिया क्षेत्र में 10 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं। उनकी विशेषज्ञता चिकित्सा एवं स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़ी खबरों और अस्पताल आधारित रिपोर्टिंग में है, जहाँ वह विषयों को तथ्यपरक, सटीक और जिम्मेदार ढंग से प्रस्तुत करते हैं।
