नपा बदायूं: चेयरपर्सन का औचक निरीक्षण, गेट पर लगे ताले, कर्मचारियों में हड़कंप
बदायूं। सोमवार को चेयरपर्सन फात्मा रजा ने कार्यालय में औचक निरीक्षण कर कर्मचारियों की कार्यशैली पर सख्त रुख अपनाया। सुबह करीब 10:15 बजे पालिका कार्यालय पहुंचीं चेयरमैन ने सबसे पहले कार्यालय के दोनों मुख्य गेट बंद कराकर उन पर ताले लगवा दिए, जिससे देर से आने वाले कर्मचारी कार्यालय में प्रवेश नही कर सकें। इसके बाद उन्होंने उपस्थिति पंजिका की गहन जांच की, जिसमें अधिकारियों समेत कई कर्मचारी निर्धारित समय पर अनुपस्थित पाए गए। चेयरपर्सन की इस अचानक कार्रवाई से पूरे पालिका कार्यालय में हड़कंप मच गया।
निरीक्षण के दौरान जलकल अभियंता नितिन सक्सेना, अवर अभियंता (सिविल) सूर्य प्रताप सिंह, राजस्व निरीक्षक राजेन्द्र सिंह, लिपिक महेश बाबू, फैय्याज, इकलास, पम्प चालक जफर अली तथा अनुचर रफीक निर्धारित समय पर कार्यालय में उपस्थित नहीं मिले। सभी से तीन दिन के भीतर लिखित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
चेयरपर्सन फात्मा रजा ने स्पष्ट किया कि सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों का एक दिन का वेतन अग्रिम आदेशों तक रोक दिया गया है तथा उन्हें तत्काल प्रभाव से अपना स्पष्टीकरण अधोहस्ताक्षरी के समक्ष प्रस्तुत करना होगा। समय पर संतोषजनक जवाब न मिलने पर विभागीय कार्रवाई भी की जा सकती है। निरीक्षण के बाद चेयरपर्सन ने कर्मचारियों के लिए नए प्रशासनिक निर्देश भी जारी किए। आदेश में कहा गया है कि यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी कार्यालय अवधि के दौरान राजस्व वसूली, निरीक्षण अथवा किसी अन्य सरकारी कार्य से फील्ड में जाता है तो उसे भ्रमण रजिस्टर में अपने जाने और लौटने का समय, स्थान, कार्य का उद्देश्य तथा पूरा विवरण दर्ज करना अनिवार्य होगा। इसके साथ ही प्रत्येक कर्मचारी को कार्यालय और फील्ड में किए गए कार्यों का प्रतिदिन दैनिक कार्य रजिस्टर में विवरण दर्ज करना होगा। इससे कार्यों की निगरानी और जवाबदेही सुनिश्चित की जा सकेगी।
ये खबर भी पढ़े : महोबा में ई-रिक्शा चालक हत्या का खुलासा: किराए के विवाद में तीन नाबालिगों ने ली जानचेयरपर्सन ने आदेश जारी करते हुए स्पष्ट किया कि कोई भी अधिकारी या कर्मचारी बिना लिखित अनुमति के मुख्यालय नहीं छोड़ेगा। यदि कोई कर्मचारी इस आदेश का उल्लंघन करता है तो उसके विरुद्ध कठोर विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने कहा कि नगर पालिका में अनुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही सर्वोच्च प्राथमिकता है। जनता के कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या हीलाहवाली बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी कर्मचारियों को समय से कार्यालय पहुंचकर पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना होगा। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी ऐसे औचक निरीक्षण लगातार जारी रहेंगे, ताकि नगर पालिका की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी और जनहितकारी बनाया जा सके।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 10 वर्षों का अनुभव रखने वाले शारिक नसीर वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ के बदायूं ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं। क्षेत्रीय मुद्दों पर ज़मीनी पकड़ और तथ्यपरक कवरेज के साथ वह लगातार रिपोर्टिंग कर रहे हैं।
