निपुण भारत मिशन के लक्ष्य को गति देगा एफएलएन प्रशिक्षण- संजय शुक्ल
डायट में ब्लॉक स्तरीय संदर्भदाताओं का पांच दिवसीय प्रशिक्षण शुरू
बस्ती - परिषदीय विद्यालयों के बच्चों में आधारभूत साक्षरता और संख्यात्मक ज्ञान को मजबूत बनाने के उद्देश्य से जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में सोमवार से फाउंडेशनल लिटरेसी एंड न्यूमेरेसी (एफएलएन) का पांच दिवसीय प्रशिक्षण शुरू हुआ। प्रशिक्षण के उद्घाटन सत्र में डायट प्राचार्य संजय कुमार शुक्ल ने कहा कि बदलते शैक्षिक परिवेश में शिक्षकों की भूमिका पहले से अधिक महत्वपूर्ण हो गई है। बच्चों को वैश्विक प्रतिस्पर्धा के अनुरूप तैयार करने के लिए शुरुआती कक्षाओं से ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षण सुनिश्चित करना होगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 में प्रारंभिक कक्षाओं के बच्चों के लिए भाषा और गणित की मजबूत नींव तैयार करने पर विशेष बल दिया गया है। यदि बच्चे समय पर पढ़ने, लिखने और गणना की दक्षता प्राप्त कर लेते हैं तो उनकी आगे की शिक्षा अधिक प्रभावी और सफल होगी। उन्होंने शिक्षकों से प्रशिक्षण में प्राप्त ज्ञान और नवीन शिक्षण तकनीकों को विद्यालयों में व्यवहारिक रूप से लागू करने का आह्वान किया। प्राचार्य ने कहा कि एफएलएन प्रशिक्षण का उद्देश्य केवल शिक्षकों को नई जानकारी देना नहीं, बल्कि कक्षा शिक्षण में ऐसा बदलाव लाना है जिससे प्रत्येक बच्चे के अधिगम स्तर में सुधार दिखाई दे। गतिविधि आधारित शिक्षण, सतत मूल्यांकन और बाल-केंद्रित शिक्षण पद्धति को अपनाकर निपुण भारत मिशन के लक्ष्य आसानी से प्राप्त किए जा सकते हैं। प्रशिक्षण के दौरान संदर्भदाता मोहम्मद इमरान, वंदना चौधरी, एसआरजी आशीष श्रीवास्तव एवं अंगद पाण्डेय ने प्रतिभागियों को भाषा एवं गणितीय दक्षता विकसित करने, कक्षा प्रबंधन, सीखने के परिणामों का आकलन तथा नवाचारी शिक्षण विधियों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने शिक्षकों से विद्यालय स्तर पर प्रशिक्षण के अनुभवों को प्रभावी ढंग से लागू करने की अपील की। पांच दिवसीय प्रशिक्षण में जिले के विभिन्न विकासखंडों से आए शिक्षक-शिक्षिकाएं प्रतिभाग कर रहे हैं। प्रशिक्षण का उद्देश्य प्रत्येक बच्चे को आधारभूत साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान से दक्ष बनाकर शिक्षा की गुणवत्ता में व्यापक सुधार लाना है।
इस अवसर पर मुख्य रूप से डीसी निपुण भारत मिशन आलोक त्रिपाठी, डॉ गोविन्द प्रसाद, डॉ रविनाथ, शशि दर्शन त्रिपाठी आदि उपस्थित रहे तथा कनिष्ठ सहायक नवनीत कुमार, रमाकांत गौतम, अनिल चौधरी, डायट प्रशिक्षु ज्ञानेंद्र पटेल, अजय कुमार, विपिन कुमार, शिवशंकर साहू, दिव्यांशु आदि ने प्रशिक्षण में सहयोग किया।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 10 वर्षों का अनुभव रखने वाले सर्वेश श्रीवास्तव उत्तर प्रदेश के बस्ती जनपद में ‘तरुणमित्र’ के ब्यूरो प्रमुख के रूप में कार्यरत हैं। क्षेत्रीय मुद्दों पर ज़मीनी पकड़ और तथ्यपरक कवरेज उनके काम की पहचान है।
