संत कबीर नगर, जनपद के खलीलाबाद तहसील क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पचदेउरा के ग्रामवासियों ने जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रवीण चंद पाण्डेय के नेतृत्व में जिलाधिकारी से मुलाकात की। मकान गणना के दौरान ग्राम नक्शे में हुई त्रुटि को लेकर जिलाधिकारी को पत्र सौंपकर सुधार की मांग की है।
ग्राम प्रधान प्रतिनिधि संदीप कुमार एवं ग्रामीण संदीप कुमार प्रधान पचदेउरा, न्याय पंचायत अध्यक्ष सेमरियावा मो. रशीद, राम लल्लू, मो. बशीर, कारी अशफाक अहमद, सतवंत कुमार, राकेश कुमार, शहबाज अहमद, शिवधारी यादव की ओर से दिए गए पत्र में बताया गया कि ग्राम पचदेउरा, पोस्ट तिनहरी माफी की वर्ष 2011 की जनसंख्या 1831 है तथा गांव का आधिकारिक कोड संख्या 182480 है। पत्र में आरोप है कि हाल ही में कराई गई मकान गणना के दौरान ऑफलाइन नक्शे में पचदेउरा गांव का कोड संख्या 182436 दर्ज कर दिया गया है, जबकि यह कोड गांव के दक्षिण स्थित पचदेवरी गांव का है। इस त्रुटि के कारण ग्रामवासियों को भविष्य में विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं प्रशासनिक अभिलेखों में समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। पत्र में उल्लेख किया गया है कि इस संबंध में 29 मई 2026 को उप जिलाधिकारी को तथा बाद में 1 जून एवं 16 जून 2026 को भी ग्राम प्रधान प्रतिनिधि और ग्रामीणों द्वारा प्रशासन को अवगत कराया गया था। बावजूद इसके अब तक त्रुटि के संशोधन अथवा कार्यवाही की प्रगति के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी है।
जिलाध्यक्ष प्रवीण चंद पाण्डेय ने जिलाधिकारी से कहा कि ग्राम पचदेउरा के ऑफलाइन नक्शे में दर्ज गलत कोड संख्या को शीघ्र संशोधित कराया जाए, जिससे भविष्य में किसी प्रकार की प्रशासनिक एवं राजस्व संबंधी समस्या उत्पन्न न हो। उन्होंने कहा कि ग्राम के सही अभिलेखों का संरक्षण और त्रुटिरहित रिकॉर्ड तैयार करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारी से मामले की जांच कर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित जी जाय। इस दौरान कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष सुनील कुमार पाण्डेय, अरुण पांडेय, शांति देवी, मु. परवेज अख्तर, सहारे आलम, सीमू खान, इबरार अहमद, रमेश पाण्डेय जय प्रकाश पाण्डेय, अजय सिंह, फैजान खान, सुग्रीव पासवान सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।